सोनिया गांधी के भरोसेमंद, राजीव गांधी के दोस्त…कौन हैं KL शर्मा? जिन पर कांग्रेस ने खेला दांव

# ## UP

(www.arya-tv.com) कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने किशोरी लाल शर्मा को चुनावी रण में उतारा है। काफी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस ने आज सुबह करीब 8 बजे अमेठी और रायबरेली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। आधिकारिक लेटर भी जारी कर दिया गया है।

पूरे देश और पूरी कांग्रेस की नजरें इस घोषणा पर टिकी थीं। आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और अमेठी को KL शर्मा को, रायबरेली से राहुल गांधी को टिकट दिया गया। अमेठी से भाजपा की उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी हैं। अमेठी-रायबरेली में 5वें चरण में 20 मई को वोटिंग होगी। अब जानते हैं कि KL शर्मा कौन हैं, जिन पर कांग्रेस ने दांव खेला है?

गांधी परिवार के विश्वासपात्रों में से एक KL शर्मा

KL शर्मा पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भरोसेमंद लोगों में एक है। वहीं शर्मा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के भी काफी करीबी रहे हैं। वे गांधी परिवार के विश्वासपपात्रों में से एक हैं। सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद रही हैं। उन्हीं दिनों से वे सोनिया गांधी का भी साथ देते आ रहे हैं। वे सोनिया गांधी के सांसद प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। KL शर्मा काफी लंबे से अमेठी और रायबरेली दोनों क्षेत्रों में कांग्रेस का काम संभाल रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में ही कांग्रेस दोनों क्षेत्रों में पांव जमाए हुए है।

कब-कैसे बने कांग्रेस और गांधी परिवार का हिस्सा?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, KL शर्मा पंजाब के लुधियाना जिले के रहने वाले हैं। 1983 की बात है, जब वे राजीव गांधी की नीतियों से प्रभावित होकर उनके संपर्क में आए। राजीव गांधी ही उन्हें अपना साथी बनाकर अमेठी लाए थे। उस दिन से वे अमेठी और कांग्रेस के होकर रह गए। 1991 में राजीव गांधी दुनिया छोड़कर चले गए तो KL शर्मा अमेठी और रायबरेली से कांग्रेस के सांसदों के लिए काम करने लगे। आज दोनों सीटों से जुड़े फैसले लेने में किशोरी लाल शर्मा से राय जरूर ली जाती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, KL शर्मा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कुशल रणनीतिकार हैं। वे संगठन का काम देखने और संभालने में माहिर हैं। वे बिहार कांग्रेस से पार्टी प्रभारी रह चुके हैं। पंजाब में चुनाव के समय भी उन्होंने कांग्रेस की ओर से मिली जिम्मेदारियां संभाली थी। वे पंजाब कांग्रेस कमेटी के मेंबर रह चुके हैं।