कर्नाटक की इस जगह को देखकर भूल जायेंगे स्कॉटलैंड

Environment

ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और उनमें हरे-भरे पेड़-पौधे किसी का भी ध्यान आकर्षित करने के लिए पर्याप्त हैं। हरी-भरी सुंदर घाटियों में कॉफी के बागान, चाय के बागान, संतरे के पेड़ पूरी वादी को महका देते हैं। तो आइए जानते हैं हम किस जगह की बात कर रहे हैं।

कुर्ग, कर्नाटक
कर्नाटक के पश्चिमी घाट पर बसा है एक जिला जिसे कुर्ग या कोडागु कहते हैं। यहां पर चारों तरफ खूबसूरती बिखरी हुई है। हर साल बहुत से सैलानी यहां सैर के लिए आते हैं। यहां पर सुंदर नजारों के साथ ही देखने के लिए बहुत कुछ है। तो अगर आप कुर्ग की सैर पर जाएं तो इन जगहों की यात्रा करना न भूलें।
राजा की सीट
कुर्ग हिल स्टेशन में एक जगह है जिसे राजा की सीट कहते हैं। इस जगह पर कुर्ग के राजा शाम के समय सूर्यास्त का नजारा लेने आते थे। आप भी एक खूबसूरत शाम यहां से अस्त होते सूर्य को देखने में बिताइए। इस अद्भुत नजारे को आप कभी नहीं भूल पाएंगे।
अब्बे फॉल
दो कॉफी बागानों के बीच बने इस जल प्रपात को देखना बहुत ही मनमोहक है। 70 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी बिल्कुल पारदर्शी लगता है। दोनों तरफ हरियाली और बीच में बहते पानी का नजारा बहुत ही सुंदर है।
इरप्पू फॉल
भारत की सबसे खूबसूरत जगह में शामिल ये घाटी अपने सुंदर नजारों से समृद्ध है। जिधर भी आपकी नजर जाएगी वहां एक से बढ़कर एक दृश्य हैं। इसी में एक है इरप्पू फॉल, जिसकी सुंदरता से मंत्रमुग्ध होकर आप इसे छुए बिना नहीं रह पाएंगे। ये सुंदर झरना बहते हुए लक्ष्मणतीर्थ नदी में मिल जाता है। इसलिए इसे पवित्र माना जाता है और बहुत से श्रद्धालु इसमें डुबकी लगाते हैं।
दुबारे एलिफैंट कैंप
अगर आप हाथी जैसे विशाल पशुओं के प्रेमी है तो आपका इस स्थान को अपनी सूची में शामिल करना लाजमी है। यहां हाथियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। आप यहां आकर इनके साथ अपना यादगार समय बिता सकते हैं। इनको नहलाकर आनंद के भागीदार बन सकते है, ये आपके बहुत चुलबुले साथी बन सकते हैं।
बयालकुप्पे
इस स्थान पर भारत की दूसरी सबसे ज्यादा तिब्ब्ती आबादी रहती है। चारों तरफ मठों से घिरा ये स्थान आपको आध्यात्मिक दुनिया में ले जाएगा। यहां का सबसे प्रसिद्ध मठ है नमद्रोलिंग जो सुंदर बगीचों से घिरा हुआ है। यहां भगवान बुद्ध की बहुत बड़ी प्रतिमा है।