नेपाल ​में मिला लोकेशन,​इंटरपोल की मदद से होगी माफिया विनोद की गिरफ्तारी

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com) यूपी के टॉप- 61 माफियाओं की लिस्ट में शामिल गोरखपुर का फरार माफिया विनोद उपाध्याय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब बड़ा प्लान तैयार किया है। माफिया पर 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख का इनाम कर दिया गया। साथ ही अब उसे दबोचने के लिए अब इंटरपोल की भी मदद लेने की तैयारी है।

माफिया विनोद की आखिरी लोकेशन नेपाल में मिली है। ऐसे में गोरखपुर जोन के ADG अखिल कुमार के डायरेक्शन में नेपाल बार्डर पर इंडिया पुलिस के अलावा नेपाल पुलिस भी एक्टिव है। SSB के जवानों की मीटिंग भी की जा रही है।

यूपी के टॉप-61 माफियाओं की लिस्ट में है विनोद
माफिया विनोद उपाध्याय का नाम यूपी के गोरखपुर के टॉप-10 और प्रदेश के टॉप-61 माफिया की लिस्ट में शामिल है। उस पर 38 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि, गुलरिहा इलाके के मोगहला में भी उसने सरकारी जमीनों को कब्जा कर अपना मकान और फार्म हाउस बनवा रखा था।

लेकिन, गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने बिना मानचित्र के बने माफिया विनोद उपाध्याय के फार्म हाउस और उसके भाई संजय के घर पर बुलडोजर चला दिया। बावजूद इसके पुलिस अब तक उसे पकड़ने में नाकाम है।

DGP नाराज, विनोद तत्काल हो गिरफ्तार
वहीं, अभी हाल ही में प्रदेश के DGP विजय कुमार ने प्रदेश के टॉप- 61 माफिया की लिस्ट में शामिल बदमाशों पर की गई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की। जिसमें प्रदेश के 9 बदमाशों पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई न होने पर DGP ने नाराजगी जताई है। माफिया जिस जिले के रहने वाले हैं, वहां के पुलिस कमिश्नर/पुलिस कप्तान को DGP ने पत्र लिख कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

माफिया पर कार्रवाई न होने वाली सूची में गोरखपुर के विनोद उपाध्याय का नाम भी शामिल था, लेकिन दो महीने के अंदर उसके फार्म हाउस पर GDA का बुलडोजर चलने सहित गुलरिहा और शाहपुर थाने में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने से गोरखपुर पुलिस DGP की नाराजगी का शिकार नहीं हो पाई। हालांकि, DGP ने माफिया विनोद की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसके तत्काल बाद पुलिस ने पर घोषित 50 हजार का इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया।