हर त्योहार जेल में मनाता हूं, कैदियों को न लगे समाज से उनका नाता टूट गया- कारागार मंत्री

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा जेल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बंदियों के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया। उन्होंने बंदियों के साथ बैठकर भजन-कीर्तन किया। 30 मिनट तक झांझ-मजीर बजाए। इसके साथ ही कैदियों से बातचीत की।

मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा, हर त्योहार पर जेल में आता हूं। इससे कैदियों को न लगे की उनका समाज से नाता टूट गया है। वह अकेले है। हम उनके परिवार के रूप में आते हैं। बंदियों को भी एक प्रण लेना होगा। वह भविष्य में आगे ऐसा कोई काम न करे जिससे उनको  जेल में आना पड़े। उनके परिवार को परेशानी उठानी पड़े।

द्वापर के बाद जेल के बने वस्त्र पहने
कारागार मंत्री ने कहा, ” श्रीकृष्ण का जन्म द्वापर काल में मथुरा की जेल में हुआ था। उस समय वह जेल के कपड़े में नंद बाबा के घर पहुंचे थे। द्वापर के बाद शायद ये पहली बार हुआ होगा कि मथुरा के जेल के बंदियों की बनाई गई पोशाक को बिहारी ने धारण किया। वो खुद पोशाक को सिर पर टोकरी में रख वृंदावन के बिहारी जी मंदिर लेकर गए थे।

गुरुवार को जन्माष्टमी पर कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच पहुंचे। जन्माष्टमी के लिए जेल को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। लाइटिंग की गई थी। बंदियों के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था। धर्मवीर प्रजापति ने जेल में बने मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद मंत्री बंदियों द्वारा आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए।

आम लोगों को सजावट देखने के लिए एंट्री
जन्माष्टमी पर जेल में आम लोगों को सजावट देखने के लिए एंट्री दी गई। वरिष्ठ अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि जेल में कैदियों द्वारा आयोजन किया गया है। भव्य सजावट की गई है। ऐसे में लोगों को भी सजावट देखने के लिए प्रवेश दिया गया। कार्यक्रम में जेलर दीपांकर भारती, आलोक सिंह आदि उपस्थित रहे।