मोदी को ग्रीस का दूसरा सबसे बड़ा सम्मान: शुक्रवार रात भारत के लिए रवाना

# ## International

(www.arya-tv.com) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिन के ग्रीस दौरे के बाद शुक्रवार रात (25 अगस्त) भारत के लिए रवाना हो गए। उन्होंने शुक्रवार रात राजधानी एथेंस में भारतीयों को संबोधित किया। चंद्रयान-3 की कामयाबी पर कहा- जब जश्न का माहौल होता है तो मन करता है कि जल्द से जल्द परिवार के बीच पहुंच जाएं। मैं भी अपने परिवार के लोगों के बीच पहुंच गया।

पीएम ने कहा- सावन के महीने में भारत ने एक अहम कामयाबी हासिल की है। हम चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचने वाले पहले देश बन गए हैं। भारत को दुनिया से बधाई संदेश मिल रहे हैं।

ग्रीस सरकार ने मुझे दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान दिया है। इस सम्मान के हकदार आप और 140 करोड़ भारतीय हैं।

डेलिगेशन लेवल की बातचीत भी हुई
इससे पहले दोनों देशों के बीच डेलिगेशन लेवल की बातचीत हुई। इसके बाद जॉइंट स्टेटमेंट में PM ने कहा- हम पुराने दोस्तों की तरह एक-दूसरे को समझते हैं। हम 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करेंगे। PM ने ग्रीस के जंगलों में लगी आग में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

वहीं राष्ट्रपति कैटरीना सकेलारोपोउलो ने PM मोदी को सेरिमोनियल वेलकम दिया। उन्हें ग्रीस के दूसरे सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया। मोदी ने कहा- मैं इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति, ग्रीस की सरकार और लोगों को धन्यवाद देता हूं। यह ग्रीस के लोगों का भारत के प्रति आदर भाव दर्शाता है। बाद में फॉरेन सेक्रेटरी विनय क्वात्रा ने कहा कि मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले हेड ऑफ द स्टेट हैं।

दोनों देशों का जॉइंट स्टेटमेंट
ग्रीस के प्रधानमंत्री ने कहा- मोदी मेरे दोस्त हैं। कहा जाता है कि 1+1 = 11 भी होते हैं। यहां हम दोनों देशों के बीच दोस्ती की मिसाल कायम करना चाहते हैं। एक देश अगर दुनिया की सबसे बड़ी डेमोक्रेसी है तो दूसरा दुनिया का पहला लोकतंत्र। चंद्रयान-3 मिशन की कामयाबी के लिए भारत को बधाई।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रिश्ते हैं। आज वक्त की जरूरत के मुताबिक- हम डिफेंस, सिक्योरिटी, इन्फ्रास्ट्रक्चर, एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट जैसे अहम सेक्टर्स में साथ काम कर सकते हैं। दोनों देशों के बीच NSA लेवल की बातचीत भी शुरू होगी।