110 दिन में छठी महिला की हत्या:बरेली में फिर एक महिला को गला दबाकर मारा, सभी का पैटर्न एक जैसा

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली जिले में लगातार महिलाओं की हत्या का सिलसिला जारी है। एक के बाद एक हत्या को अंजाम दिया जा रहा है। बुधवार को शाही थाना क्षेत्र में फिर से 35 साल की महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पिछले 110 दिन में यह छठी महिला की हत्या है। जिनमें पुलिस एक हत्याकांड के नामजद दो आरेापियों को जेल भेज सकी है। लगातार हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगाई हैं।

बुधवार को खेत पर गई थी वीरवती

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव निवासी घनश्याम पंजाब में रहकर छोले भटूरे का काम करता है। उनकी पत्नी वीरवती (35 साल) अपने चार बच्चों के साथ गांव सेवा ज्वालपुर में रहती थी। महिला अपने जेठ के साथ मिलकर खेती का भी काम कर लेती थी। महिला के घर के पास जेठ छेदालाल का भी घर है।

बुधवार 9 बजे वीरवती अपने घर से खेत में खाद और दवाई डालने की बात कहकर घर से निकली। इस दौरान वह दोपहर तक नहीं लौटी। बारिश होने के चलते बच्चे घर पर मां का इंतजार करते रहे, इस बीच दोपहर को जेठ, जिठानी और अन्य लोग देखने पहुंचे लेकिन वहां वीरमती नहीं मिली।

शाम को वीरवती की लाश 400- 500 मीटर दूर मिली

पूरे गांव मे महिला के न मिलने से अफरा तफरी मच गई। जिसके बाद परिजनों के साथ आसपास के ग्रामीण भी बारिश में ही महिला को तलाशने पहुंच गए। शाम के 4 बजे महिला की लाश जेठ सेवाराम के खेत में मिली। यह ईंख का खेत था, यानी महिला के खेत से करीब 400- 500 मीटर दूर लाश मिली। महिला के कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। महिला की हत्या की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, सीओ हर्ष मोदी, शाही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

साड़ी का फंदा डालकर गला दबाया

महिला के गले में उसी की साड़ी का फंदा लगा हुआ था। जिससे पुलिस मान रही है कि साड़ी का फंदे से वीरवती का गला दबाया है। महिला की साड़ी भी अस्त व्यस्त मिली। हत्यारों ने कान के दोनों कुंडल भी खींचे, जिससे एक कान फट गया। वहीं गले में पीछे की तरफ फंदे की गांठ लगाई। महिला के गले में चांदी की माला थी वह भी गायब मिली। कपड़े अस्त व्यस्त देखकर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या होना बताया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चल सकेगा कि दुष्कर्म हुआ या नहीं।

एक से ज्यादा हो सकते हैं कातिल

महिला जिस प्लास्टिक के बोरे में खाद लेकर पहुंची वह खाली अपने खेत के पास मिला। वहीं दवाई के डिब्बे भी मिले। ऐसे में पुलिस यह मान रही है कि कातिलों ने महिला को महिला के खेत के जाते हुए खींचा उसके ईंख के खेत में ले जाकर उसकी हत्या की। इसमें कातिल एक से ज्यादा हो सकते हैं।

एसपी देहात का बयान

एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल का कहना है कि पूरे मामले में जांच की जा रही है। पूर्व की महिला और इस महिला के हत्या का क्राइम सीन अलग है। पूर्व की घटना का खुलासा भी हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों पर नजर रखे हुए है। फोरेंसिक टीम भी जांच कर रही है। जल्द ही महिला की हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। बिना पोस्टमाार्टम रिपोर्ट के रेप या अन्य कारणों पर कुछ नहीं कहा जा सकता।

शाही क्षेत्र में 110 दिन में 6 हत्याएं, पैर्टन एक जैसा

  • 23 अगस्त को शाही क्षेत्र के ज्वालापुर में 35 साल की वीरवती की लाश ईंख के खेत में मिली। महिला सुबह खेत में गई थी। गले में फंदा लगा था, कानों के कुंडल लापता मिले। महिला के कपड़े अस्तव्यस्त मिले।
  • फतेहजगंज वेस्ट थाना क्षेत्र के पनवड़िया में 10 अगस्त को जंगल में मिली महिला का शव शांति देवी का निकला। महिला शाही क्षेत्र के मुबारकपुर गांव की रहने वाली थी।
  • 22 जुलाई को शाही क्षेत्र के खजूरिया गांव में 40 साल की कुसमा की लाश मिली, महिला खेत में मिर्च तोड़ रही थी। कातिल ने महिला की साड़ी से ही उसका गला घोंटा, महिला पेट के बल पड़ी थी। इसमें दोनों हत्यारोपी अरेस्ट कर पुलिस ने जेल भेज दिए।
  • 30 जून को शाही क्षेत्र के आनंदपुर गांव के जंगल में 50 साल की प्रेमवती की हत्या की गई। महिला जंगल में चारा लेने गई थी, पति की पूर्व में मौत हो चुकी है।
  • 17 जून को शाही क्षेत्र के कुल्छा गांव में 42 साल की धनवती की हत्या। महिला घर से दवाई लेने के लिए निकली थी, उसके जंगल में लाश मिली वह भी 48 घंटे बाद। महिला के गले पर निशान मिले। जिसमें पुलिस ने कहा की गला दबाकर कत्ल को अंंजाम दिया गया।
  • 5 मई को परतापुर इलाके में महिला की हत्या को अंजाम दिया गया। महिला के कपड़े भी फटे हुए थे। लेकिन इस वारदात को भी कुछ पता नहीं चला। जिसमें बिसरा सुरक्षित रखा गया।