बरेली के फतेहगंज वेस्ट में मिली थी महिला की लाश:नहीं हुई शिनाख्त

# ## Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव पंबड़िया में जंगल में बृहस्पतिवार को महिला का शव मिला। महिला की उम्र 45 से 50 साल बताई गई। 24 घंटे बीतने पर शुक्रवार दोपहर तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो सकती है। इस मामले में पुलिस बरेली देहात में लापता महिलाओं को लेकर भी जांच कर रही है। वहीं आसपास के जिलों में भी महिला का हुलिया बताते हुए पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

गांव के जंगल में चकरोड किनारे मिला शव

संदिग्ध अवस्था में महिला का अर्धनग्न शव मिला। फील्ड यूनिट टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल पर जांच की। गांव प्रधान पति ने पुलिस को सूचना दी कि एक महिला का शव जगदीश के खेत में पड़ा मिला है। जिसकी सूचना पर फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस पहुंची। बाद में उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी क्राइम मुकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर देखने में प्रतीत हो रहा है कि महिला का शव 1 या 2 दिन पुराना था।

शाही क्षेत्र में हो चुकी है 4 महिलाओं की हत्या

पुलिस महिला के शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। इससे पहले शाही थाना क्षेत्र में अलग-अलग दिनों में 4 महिलाओं की हत्या की गई, और उन घटनाओं का केस भी वर्कआउट नहीं हो सका।

फतेहगंज वेस्ट थाना क्षेत्र शाही थाना क्षेत्र से सटा है। ऐसे में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। सभी हत्याओं में पैटर्न एक जैसा है, पूर्व की हत्याओं में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत आया। लेकिन हत्या की घटना वर्कआउट नहीं हुईं।

आसपास की नहीं है यह महिला

एसपी क्राइम बरेली मुकेश कुमार ने बताया कि महिला के बायें हाथ पर जगदीश शांति लिखा हुआ था। कान में कुंडल सुरक्षित मिले है। पैर में बिछुए भी थे, चोट के निशान नहीं मिले, सिर्फ गले पर निशा मिला। ऐसे में पुलिस मान रही है कि कातिलों ने गला दबाकर हत्या की होगी। लेकिन पहचान न होने पर पुलिस मान रही है कि महिला आसपास की नहीं है। दुष्कर्म की घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि महिला के कपड़े अस्तव्यस्त जैसी हालत में थे।

जिस स्थान पर शव मिला यह गांव से बाहर है, चकरोड पर कम ही लोग आते होंगे। ऐसे में कातिलों ने सेफ जगह हत्या को अंजाम दिया है। लूट के इरादे से हत्या नहीं की गई। क्योंकि महिला के कुंडल कानों में थे।