झांसी-मिर्ज़ापुर हाइवे पर पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़:गोली लगने से दो बदमाश घायल

# ## Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) प्रयागराज के शंकरगढ़ में झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर हथियारों से लैस बदमाशों और शंकरगढ़ पुलिस के बीच शुक्रवार की सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी हैं। दोनों घायल हैं और स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में दोनों का इलाज चल रहा है। 3 बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए हैं।

रोका तो तमंचे से करने लगे फायर

थरवई में किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म और उसके नाना की हत्या, लूटपाट की घटना के बाद पुलिस जनपद के सभी नाकों पर पेट्रोलिंग कर रही है। इसी कड़ी में रात को गश्त करते समय सुबह करीब 4 बजे शंकरगढ पुलिस ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर कुछ संदिग्ध लोगों को रोका। रोकने पर दो बदमाशों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायर शुरू किया। थोड़ी देर बाद दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और तड़पने लगे।

3 बदमाश मौके से फरार

इतने में 3 अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए एसआरएन हॉस्पिटल भेजा गया है। घायल बदमाशों में कृष्ण कुमार गिरी पुत्र मंगल गिरी और कैलाश सिंह पुत्र स्वर्गीय राम सिंह निवासी ईशापुर, निगोही, शाहजहापुर शामिल हैं। दो सिपाहियों के भी जख्मी होने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक इनका थरवई कांड में हाथ हो सकता है पर पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। बदमाशों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।