हिंडन नदी की बाढ़ में 400 कारें डूबी:नोएडा में स्कूल बंद:21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

# ## UP

(www.arya-tv.com) यूपी के 21 जिलों में बुधवार को भारी बारिश का अलर्ट है। मंगलवार को नोएडा, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, मेरठ में बारिश हुई। यमुना की सहायक नदी हिंडन का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस वजह से गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया। बुधवार को नोएडा में भारी बारिश के चलते सभी स्कूल बंद किए गए हैं।

ग्रेटर नोएडा के एक खुले मैदान में हिंडन नदी के पानी में करीब 400 कारें डूब गईं। कॉलोनियों में बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। मथुरा से भी ऐसी तस्वीरें आईं, जिनमें कुछ देर की बारिश के बाद सड़क पर पानी का सैलाब था। ई-रिक्शा तक बहा चला जा रहा था।

सबसे ज्यादा डरावनी तस्वीर डोरी बाजार इलाके की 
मथुरा में मंगलवार शाम 6 बजे तेज बारिश हुई। आधा घंटा हुई बारिश के बाद शहर में जगह-जगह जलभराव देखने को मिला। सबसे ज्यादा डरावनी तस्वीर डोरी बाजार इलाके से आई। यहां पानी के तेज बहाव में एक ई-रिक्शा और ठेला बह गया। डोरी बाजार का ढलान यमुना की तरफ है। यहां जरा सी बारिश होने पर पानी तेजी से बहता है।

3 लोगों की  बाढ़ के पानी में जा चुकी है जान

गाजियाबाद में 3 दिन में 3 लोगों की जान बाढ़ के पानी में जा चुकी है। गाजियाबाद में 25 जुलाई को एक महिला बाढ़ का पानी घटने पर अपना घर देखने जा रही थी। रास्ते में वो फिसल गई और पानी भरे गड्ढे में गिरकर उसकी मौत हो गई। 23 जुलाई को दो लड़के ये देखने आए थे कि बाढ़ का पानी घटा है या नहीं, इसी दौरान वे पानी में डूब गए।

गाजियाबाद में बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित गांव करहैड़ा है। यहां से अब तक करीब 7 हजार लोगों को सुरक्षित निकालकर शेल्टर होम या दूसरे स्थानों पर भेजा जा चुका है। करहैड़ा गांव में ही करीब 30 परिवार यहां ऐसे रह गए हैं, जो बाहर नहीं निकलना चाहते। इन परिवारों के मुखिया सदस्य नौकरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घरों में एकल सदस्य मौजूद हैं। तमाम विनती के बावजूद जब ये परिवार बाढ़ से बाहर नहीं आए तो आज इन्हें भोजन, दूध, पानी, माचिस, मोमबत्ती जैसी जरूरत की चीजें उपलब्ध कराई गई हैं।