कानपुर में आग से क्षतिग्रस्त दो टावर गिराए जाएंगे:105 दिनों बाद मिली अनुमति

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा थोक कपड़ा बाजार 31 मार्च 2023 की देर रात धू-धू कर जल गया। 500 से ज्यादा दुकान जल गईं। कारोबारी सड़क पर आ गए। 105 दिन बीत जाने के बाद अब व्यापारियों को आग से क्षतिग्रस्त टावरों को गिराए जाने की अनुमति मिली है। आग की चपेट में आने से कपड़ा बाजार के पांच टावर क्षतिग्रस्त हुए थे।

अब तकनीकी विभागों की जांच के बाद दो टावरों को गिराए जाने की अनुमति मिली है। लेकिन व्यापारियों ने सरकारी विभागों की लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से किए जाने की बात कही है। सोमवार यानी 17 जुलाई से कोपरगंज स्थित कपड़ा बाजार के क्षतिग्रस्त दो टावर गिरने का काम दिल्ली की एक बड़ी कंपनी शुरू करेगी।

दिल्ली की कंपनी दो टावरों को गिराएगी
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश गारमेंट्स मैन्युफैक्चरिंग एंड ट्रेडिंग और टावरों की कमेटी मिलकर आग से क्षतिग्रस्त टावरों को मिलकर गिरवाएगी। इसके लिए कमेटी के पदाधिकारी और व्यापारियों ने लगातार सरकारी विभागों के चक्कर काटे। 105 दिन की कड़ी मशक्कत और भागदौड़ के बाद अब उन्हें कोपरगंज स्थित कपड़ा बाजार के क्षतिग्रस्त दो टावर (मसूद कॉम्प्लेक्स और एआर टावर) सोमवार से गिराए जाएंगे। व्यापारियों को कहना है कि विभागों की लापरवाही के कारण टावर गिराए जाने की अनुमति मिलने में इतना वक्त लग गया है।

व्यापारियों ने इन विभागों की बताई लापरवाही
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री ज्ञानेश मिश्रा ने बताया कि विभागों की लापरवाही के कारण टावर गिरने की अनुमति मिलने में 100 दिन से ज्यादा का समय लग गया। सबसे पहले नगर निगम कानपुर ने 331ए का नोटिस देने में काफी समय लगा दिया। यहां तक मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आदेश और कानपुर डीएम द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद भी नगर निगम ने लगातार व्यापारी और कमेटी के सदस्यों को परेशान किया।

भागदौड़ और मशक्कत के बाद 331ए का नोटिस नगर निगम ने दिया। इसके बाद केस्को विभाग ने भी बड़ी लापरवाही की है। कानपुर विद्युत विभाग केस्को द्वारा क्षतिग्रस्त टावरों में बनी दुकानों के बिजली के बिल अभी भी भेजे जा रहे हैं। इसको लेकर शिकायत भी की गई, लेकिन केस्को एमडी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। पीड़ित व्यापारियों पर बिना बिजली जलाए बिजली का बकाया भी चढ़ता जा रहा है। ऐसे में जब केस्को एमडी से बात की गई कि जिन टावरों को गिराया जाना है, वहां लगे बिजली के मीटर परमानेंट डिस्कनेक्शन करवाकर हटवा दिए जाएं। तो इसकी भी सुनवाई नहीं हुई। इसके कारण गिराए जाने वाले टावरों के समय को आगे बढ़ा दिया गया।

व्यापारियों ने कहा- लापरवाह विभाग की मुख्यमंत्री से करेंगे लिखित शिकायत
उत्तर प्रदेश गारमेंट्स मैन्युफैक्चरिंग एंड ट्रेडिंग के संरक्षक गुरजिंदर सिंह ने कहा कि अभी तक जिन सरकारी विभागों ने लापरवाही बरती है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। उन्होंने बताया कि कपड़ा बाजार में आग लगने के बाद सीएम योगी ने कई बार मिलने का समय दिया। उन्होंने मुलाकात भी की और अधिकारियों को मदद के लिए निर्देश भी दिए। लेकिन जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद भी नगर निगम और कानपुर विद्युत विभाग ने व्यापारियों का सहयोग नहीं किया। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से लिखित रूप से की जाएगी।

एचबीटीयू की जांच के बाद गिराए जाने वाले टावर और रिपेयरिंग किए जाने वाले टावर-
गुरजिंदर सिंह ने बताया कि आग लगने के बाद जो टावर क्षतिग्रस्त हुए थे। जिलाधिकारी कानपुर से अपील की गई थी कि उनमें से दो टावर नफीस टावर और अर्जन कंपलेक्स कम क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसलिए उन्हें रिपेयर कराकर दोबारा शुरू किया जा सकता है। इसके बाद व्यापारियों का आग्रह मान लिया गया था।

एचबीटीयू की जांच करने की फीस व्यापारियों ने जमा की। इसके बाद अब जांच में सामने आ गया कि नफीस टावर और अर्जन टावर को रिपेयरिंग कर दोबारा शुरू किया जा सकता है। दोनों ही टावरों में काफी हद तक रिपेयरिंग का काम हो भी चुका है। इन दोनों टावरों को जल्दी व्यापारियों के लिए शुरू किया जाएगा। आग के कारण जो टावर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे, उन टावरों में मसूद कंपलेक्स एआर टावर, हमराज कंपलेक्स और हमराज फेस-2 को गिराया जाना है। इनमें से मसूद कॉम्प्लेक्स और एआर टावर को गिराए जाने की अनुमति मिल गई है।