गंगा खतरे के निशान पर…गंगा बैराज के 30 गेट खोले:UP के कई जिलों में बाढ़ की चेतावनी

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) यूपी में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। राहत आयुक्त कार्यालय ने हफ्ते भर में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार से करीब 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद यूपी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। बिजनौर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बुधवार को यूपी के 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। सहारनपुर में 4 दिन से लगातार बारिश से रेलवे व्यवस्था चरमरा गई है।

यूपी प्रशासन ने बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। यूपी में बीते 72 घंटों में कुल 38 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को सहारनपुर के रेलवे अंडरपास में भरे पानी में कूदे 1 बच्चे की मौत हो गई।

सहारनपुर रूट की वंदे भारत एक्सप्रेस भी रद्द
अंबाला रेल मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर पानी आने और टांगरी नदी का जलस्तर अभी सामान्य नहीं होने से सहारनपुर में 40 ट्रेनों का संचालन तीसरे दिन भी ठप रहा। सहारनपुर रूट की वंदे भारत एक्सप्रेस भी नहीं चली। बारिश ज्यादा होने से पंजाब, हरियाणा के कांवड़ियों की संख्या में कमी दिख रही है।

बिजनौर में बाढ़ जैसे हालात

पहाड़ों पर लगातार बारिश से गंगा रौद्र रूप धारण कर चुकी हैं। हरिद्वार से करीब 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद यूपी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। यूपी में बिजनौर जिले से गंगा का प्रवेश होता है। यहां बैराज पर गंगा खतरे के निशान के पास बह रही है। प्रशासन ने तट पर बसे इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है।

यहां मालन और कोटा नदी भी उफान पर है। नदी का कटान जारी है। पानी खेतों तक पहुंच चुका है। अनुमानित 5 हजार एकड़ की फसल प्रभावित हुई है। अफजलगढ़ सिंचाई खंड की ओर से बाढ़ की चेतावनी दी गई है। बिजनौर की तहसील नजीबाबाद, सदर बिजनौर और चांदपुर में तेजी के साथ जलस्तर बढ़ेगा। नांगल से बिजनौर तक बसे गांव चंद्रभान पुर, मिर्जापुर, कुंदनपुर टीप, कोहरपुर, सिमली, फतेहपुर सभाचन्द और इच्छा वाला समेत कई गांव में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

कानपुर गंगा बैराज के सभी 30 गेट खोले गए

मैदानी और पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बारिश के बाद गंगा के जलस्तर पर तेजी से बढ़ोतरी जारी है। मंगलवार शाम को अपस्ट्रीम में जलस्तर 113 मीटर से ज्यादा चले जाने पर गंगा बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं।

इससे कानपुर से आगे प्रयागराज तक गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी जारी है। वहीं गंगा के कटरी इलाके को खाली करने को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गंगा में जलस्तर बढ़ने के बाद घाटों की सीढ़ियां भी डूब गई हैं।

कानपुर पहुंचा 2 लाख क्यूसेक पानी
नरौरा डैम से 77,077 और हरिद्वार से 1 लाख 35 हजार लाख क्यूसेक पानी कानपुर देर शाम तक पहुंच गया। इससे गंगा के डाउनस्ट्रीम में तेजी से जलस्तर बढ़ने लगा। 6 घंटे के अंदर गंगा का जलस्तर 41 सेमी. तक बढ़ गया। वहीं उन्नाव के शुक्लागंज में 32 सेमी. जलस्तर बढ़ गया। वहीं कानपुर से प्रयागराज की तरफ 45,364 क्यूसेक पानी कानपुर गंगा बैराज के सभी 30 गेटों से छोड़ा जा रहा है।