(www.arya-tv.com) आज से पवित्र सावन मास का शुभारंभ हो गया है। इस बार 19 साल बाद शिव भक्तों को महादेव की पूजा करने के लिए पूरे 59 दिन मिलेंगे। मंगलवार को संगम नगरी के शिवालयों में भक्तों का हुजूम देखने को मिला। संगम क्षेत्र में यमुना किनारे बने पौराणिक महत्व के मनकामेश्वर महादेव , शिवकुटी में गंगा किनारे स्थित कोटेश्वर महादेव, पंड़िला में पांडेश्वर महादेव, प्रयागराज के शिवकुटी इलाके में स्थित ‘शिव कचहरी, शहर से 25 किलोमीटर दूर यमुना किनारे स्थित सुजावन देव मंदिर, दशाश्वेध आदि शिवालयों में भक्तों की कतारें देखने को मिलीं।
दशाश्वमेध घाट से जल भरकर मनकामेश्वर महादेव, पांडेश्वर महादेव जैसे शिवालयों में भक्त जलाभिषेक करने निकल रहे हैं। इस दौरान बोल बम, हरहर महादेव जैसे नारे भी लगते दिखाई दे रहे हैं। प्रयागराज के मनकामेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है। शिवालय में हर हर महादेव के नारे गूंज रहे हैं। पहला सोमवार 10 जुलाई को है जिसकाे लेकर मंदिर प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। मनकामेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने बताया कि इस बार का सावन बहुत खास है।
19 साल बाद ऐसा संयोग बन रहा है कि सावन पूरे 59 दिन का मनाया जाएगा। इस सावन में जो भी भोले बाबा की पूजा-अर्चना पूरे मन से करेगा उसे मनवांछित फल मिलेगा। सोमेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी शैल पुरी ने बताया कि श्रावण मास में सोमेश्वर महादेव का जलाभिषेक और पूजन करने की अपनी महत्ता है। मान्यता है कि सोमेश्वर महादेव घाट के सामने चंद्रकुंड घाट है। जहां पर चंद्रमा स्नान करके यहां जलाभिषेक करते थे। यहा पर सावन महीने के हर सोमवार को भंडारा चलता है। सिक्योरिटी के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात है। बैरिकेडिंग करके लाईन लगाकर दर्शन कराया जाता है।