(www.arya-tv.com) प्रयागराज के व्यापारियों की कार मध्य प्रदेश के रीवा में 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 4 व्यापारियों की मौत हो गई। जबकि 1 गंभीर घायल हैं। उन्हें रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ये लोग प्रयागराज से 98 किमी. दूर रीवा के क्योटी वाटरफॉल में पिकनिक मनाने जा रहे थे। इसी दौरान बुधवार दोपहर गढ़ इलाके के देवास गांव के पास हादसा हो गया।
बेकाबू होकर क्रेटा पलटी
बुधवार सुबह साढ़े दस बजे प्रयागराज के 10 लोग 2 कार में सवार होकर क्योटी फाल के लिए निकले थे। ये सभी दोपहर करीब 1 बजे रीवा के गढ़ इलाके में देवास मोड़ पहुंचे। इसी बीच, तेज रफ्तार क्रेटा कार बेकाबू होकर पलट गई। कार सड़क किनारे सीधे 30 फीट गहरी खाई में जाकर गिरी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साथियों की मदद से सभी घायलों को सिरमौर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया। रीवा के एसपी विवेक सिंह ने बताया कि 1 घायल को प्रयागराज के लिए रेफर किया गया है। हादसे की खबर प्रयागराज पहुंचते ही, दोस्त और रिश्तेदार रीवा के लिए रवाना हुए। 4 व्यापारियों के घर में मातम छा गया।
पिकनिक के लिए निकले थे 10 लोग
हादसे में मरने वालों में प्रापर्टी डीलर पंकज जायसवाल, गिट्टी सप्लायर मनीष जायसवाल, सत्यजीत चटर्जी और सुपाड़ी कारोबारी शिवम केसरवानी शामिल हैं। पंकज कीडगंज में रहता था। मनीष मुट्ठीगंज की बरगद वाली गली, जबकि शिवम कोठापार्चा डी रोड पर रहता था। ये तीनों अपने 7 अन्य दोस्तों के साथ पिकनिक के लिए निकले थे। 5 क्रेटा कार, जबकि बाकी दूसरी कार में सवार थे।
शिवम घर का इकलौता बेटा
इस हादसे में जान गंवाने वाले शिवम केसरवानी कोठापार्चा के केशव प्रसाद के इकलौते बेटे थे। उनका सुपारी का बड़ा कारोबार है। शिवम की 3 बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी शादी परिवार कराना चाहता था। मगर हादसे में उसकी जान चली गई। जिस क्रेटा से हादसा हुआ, वो शिवम की ही थी।
परिवार का सहारा था पंकज
कीडगंज के पंकज जायसवाल अपनी पत्नी पूजा, बेटी वैभवी के साथ रहते थे। वो प्रापर्टी डीलर थे। परिवार में उनके बड़े भाई नीरज और छोटे भाई अनुज हैं। सभी इस हादसे से हतप्रभ हैं। रात में ही उनके घर पर रिश्तेदार पहुंच गए थे।