(www.arya-tv.com) किरावली में एक ससुर ने बहू की गर्दन कुल्हाड़ी से काटकर धड़ से अलग कर दिया। बहू की हत्या कर आरोपी थोड़ी देर दरवाजे पर बैठा रहा। फिर थाने पहुंच गया। आरोपी ससुर ने पुलिस को बताया, “मैंने अपनी बहू को काट डाला है। उसने मेरे ऊपर हाथ उठाया था।” पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के आंगन में बहू का शव पड़ा था। सिर धड़ से अलग था।
घटना किरावली थाना के गांव मलिकपुर की है। यहां के रहने वाले रघुवीर सिंह के दो बेटे हैं। बड़े बेटे का निधन हो चुका है। छोटा बेटा गौरव यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल है। वर्तमान में फर्रुखाबाद में तैनाती है। गौरव की पत्नी प्रियंका गांव में रहती है। गांव वालों ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे प्रियंका घर में खाना बना रही थी। तभी रघुवीर सिंह कुल्हाड़ी लेकर आया।
उसने बहू प्रियंका की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वो वहीं पर गिर गई। इसके बाद उसने बहू की गर्दन काटकर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के समय घर में बड़े बेटे की बहू भी थी। उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर रघुवीर उसको भी मारने दौड़ा। बड़ी बहू को भी चोट आई है। मगर, जैसे-तैसे बड़ी बहू ने अपने आप को बचाया।
भाई चिल्लाया तो हत्यारोपी ने उस पर हमला बोला
गांव वालों ने बताया कि रघुवीर बहू की हत्या करने के बाद अपने घर के दरवाजे पर थोड़ी देर बैठा रहा। तभी हत्यारोपी रघुवीर का छोटा भाई महावीर वहां पहुंचा। घर में घूसते ही उसने शव देखा तो शोर मचा दिया। तभी हत्यारोपी रघुवीर ने अपने भाई महावीर पर भी हमला बोल दिया। उसके हाथ में चोट आई है। तब तक गांव वाले भी जुट गए। पुलिस ने आरोपी ससुर रघुवीर को अरेस्ट कर लिया है। प्रियंका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
हत्यारोपी बोला- बहू ने मुझ पर हाथ उठाया, इसलिए मार डाला
SO किरावली उपेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, बहू की हत्या कर आरोपी रघुवीर थाने पहुंच गया। हत्यारोपी ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल करते हुए कहा, “आज सुबह 07.30 बजे गांव मलिकपुर थाना किरावली में मैंने अपनी छोटी बहू प्रियंका (26) को खाना बनाते समय पीछे से कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार करके मार डाला। उसकी गर्दन को धड़ से अलग कर दिया।
सोमवार शाम को बहू प्रियंका का झगड़ा बड़ी बहू से हो रहा था। मैंने प्रियंका को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने मुझ पर ही हाथ उठा दिया। इसे मैं सहन नहीं कर सका। मैं पूरी रात सो नहीं पाया, आज सुबह मैंने आवेश में आकर बहू प्रियंका को मार डाला।”