लॉस एंजिल्स में शूटिंग, 8 घायल:पूल पार्टी में आपसी झगड़े के चलते फायरिंग की आशंका

International

(www.arya-tv.com) अमेरिका के लॉस एंजिल्स में शनिवार को मास शूटिंग में 8 लोग घायल हो गए। इनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना लॉस एंजिल्स से 17 मील दूर कारसन इलाके में हुई। गोलीबारी एक पूल पार्टी के दौरान हुई, जहां करीब 50 लोग मौजूद थे। घायलों की उम्र 16 से 24 साल के बीच है। उन्हें सिर, कमर के हिस्से में गोली लगी हैं। पुलिस अधिकारी माइरोन ने बताया कि उन्हें एक कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली थी।

पुलिस मौके पहुंची तो उन्हें एक 16 साल का घायल लड़का दिखाई दिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गोलीबारी से पहले लड़ाई होने की आशंका जताई है। पुलिस अधिकारी रिक कोंटी ने कहा कि गोली चलाने वाला कोई एक व्यक्ति नहीं था। घटना के वक्त वहां मौजूद एक शख्स ने बताया कि उसने करीब 20-30 गोलियों की आवाज सुनी थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

बिना इन्विटेशन पार्टी में घुस गया था शख्स
पड़ोसियों ने बताया कि पार्टी में एक शख्स बिना न्योते के पहुंच गया था। जब वहां मौजूद लोगों ने उससे जाने के लिए कहा तो वो उनसे बहस करने लगा। आशंका है कि इसी के बाद वहां लड़ाई और गोलीबारी शुरू हो गई। घटना के बाद पुलिस ने उस जांच के लिए अबिला स्ट्रीट को बंद कर दिया है।

गन वॉयलेंस आर्काइव की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में इस साल अब तक 303 मास शूटिंग के मामले सामने आ चुके हैं। 2006 से लेकर अब तक अमेरिका में सामूहिक हत्या के 556 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 16 अप्रैल को भी अमेरिका के अल्बामा में एक बर्थडे पार्टी में शूटिंग हुई थी। इसमें 6 नाबालिगों की मौत हुई थी जबकि 20 लोग घायल हुए थे।

अमेरिका की आबादी 33 करोड़ और यहां 40 करोड़ गन

  • नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है। स्विट्जरलैंड के स्मॉल आर्म्स सर्वे यानी SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मौजूद कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलयन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्सा 5% है, लेकिन दुनिया की कुल सिविलियन गन में से 46% अकेले अमेरिका में हैं।
  • अक्टूबर 2020 के गैलप सर्वे के मुताबिक, 44% अमेरिकी वयस्क उस घर में रहते हैं, जहां बंदूकें हैं, इनमें से एक तिहाई वयस्कों के पास बंदूकें हैं। 2019 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 63 हजार लाइसेंस्ड गन डीलर थे, जिन्होंने उस साल अमेरिकी नागरिकों को 83 हजार करोड़ रुपए की बंदूकें बेची थीं।
  • अमेरिका 231 साल बाद भी अपने गन कल्चर को खत्म नहीं कर पाया है। इसकी दो वजहें हैं। पहली- कई अमेरिकी राष्ट्रपति से लेकर वहां के राज्यों के गवर्नर तक इस कल्चर को बनाए रखने की वकालत करते रहे हैं। दूसरी- गन बनाने वाली कंपनियां, यानी गन लॉबी भी इस कल्चर के बने रहने की प्रमुख वजह है।
  • 1791 में संविधान के दूसरे संशोधन के तहत अमेरिका नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का अधिकार दिया गया। अमेरिका में इस कल्चर की शुरुआत तब हुई थी, जब वहां अंग्रेजों का शासन था। उस वक्त वहां परमानेंट सिक्योरिटी फोर्स नहीं थी, इसीलिए लोगों को अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार रखने का अधिकार दिया गया, लेकिन ये कानून आज भी जारी है।