(www.arya-tv.com) लखनऊ के आशियाना में यूक्रेन की महिला ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। शनिवार सुबह घर के स्टोर रूम में उसका शव फंदे से लटकता मिला। उसने 4 दिन पहले ही बेटे को जन्म दिया था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए यूक्रेन एम्बेसी की मदद से महिला के परिवार को सूचना दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति को चेक रिपब्लिक से आना था। वह समय पर नहीं पहुंच सका। इस बात से परेशान यूक्रेनी महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। यही नहीं, महिला ने कुछ दिन पहले पति से वॉट्सऐप चैटिंग करते हुए लिखा था, ”मैं यहां बहुत परेशान हूं, भाषा भी समझ नहीं आती है।”
पोलैंड की कम्पनी में नौकरी करती थी यूक्रेनी महिला
मृतक यूक्रेनी महिला का नाम ओकसाना ममचर (27) है। आशियाना सेक्टर-AM में वह पति जूड अगास्टीन के साथ रहती थी। वह पोलैंड की एक कम्पनी में नौकरी करती थी। उसका पति जूड अगास्टीन चेक रिपब्लिक में PHD कर रहा है। दोनों की पोलैंड में मुलाकात हुई। ओकसाना ने जूड से शादी करने की बात पिता को बताई। लेकिन वो राजी नहीं हुए थे।
इसके बाद ओकसाना चेक रिपब्लिक पहुंच गई। यहां जूड के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी थी। बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। ओकसाना के प्रेग्नेंट होने पर जूड ने उसे मां रूथ मीनूवाज के पास लखनऊ भेज दिया। 22 मार्च को ओकसाना अकेले ही चेक रिपब्लिक से लखनऊ आई थी। वह सास रूथ मीनूवाज ननद रुफीना और युवाना के साथ रह रही थी।
14 जून को बेटे को दिया था जन्म
14 जून यानी 4 दिन पहले लेबर पेन होने पर ओकसाना को उसकी सास ने LDA कॉलोनी स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। 14 जून को नॉर्मल डिलीवरी से बेटा हुआ। इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि अस्पताल से वापस आने के बाद ओकसाना की परिवार वाले देखभाल कर रहे थे।
पूछताछ में पता चला कि महिला के पति जुड को चेक रिपब्लिक से भारत आना था। उसने वापस आने के कई प्रयास किए। मगर, डिलीवरी के वक्त पत्नी के पास नहीं पहुंच सका। इसी बात को लेकर ओकसाना काफी परेशान थी।”