(www.arya-tv.com) गुजरात के बाद राजस्थान में तबाही मचा रहे बिपरजॉय तूफान का असर यूपी पर भी पड़ेगा। हालांकि, इसका असर राजस्थान जितना नहीं होगा, लेकिन बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे बाद यानी रविवार को पूर्वी यूपी से तूफान यूपी में दस्तक दे सकता है। हालांकि हालात चिंताजनक नहीं होंगे। तूफान के गुजरने के बाद मानसून आगे बढ़ेगा।
आज यानी शनिवार के मौसम की बात करें, तो पूर्वी यूपी के जिलों में हीटवेव की कंडीशन बनी रहेगी। वहीं, पश्चिमी यूपी में 40 किमी. की रफ्तार से धूलभरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शुक्रवार के मौसम की बात करें, तो मथुरा-वृंदावन में 0.5 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं नोएडा में भी जमकर बादल बरसे। नोएडा में बारिश के पानी की निकासी न होने से कई मोहल्ले में बाढ़ जैसे हालात दिखे।
पूर्वी यूपी में पहले दिखेगा असर
CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया, ”तूफान पूर्वी यूपी के रास्ते दाखिल हो सकता है। गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, महराजगंज, कौशांबी, अंबेडकरनगर समेत इन जिलों में असर पहले देखने को मिलेगा। यहां बारिश के साथ 20 से 30 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।”
तूफान के गुजरने के बाद बढ़ेगा मानसून
SN पांडेय ने बताया कि बिपरजॉय का असर अगले 24 घंटे में दिख सकता है। हालांकि, तूफान लगातार कमजोर हो रहा है। तूफान के कराची की तरफ जाने के बाद ही देश में मानसून की रफ्तार आगे बढ़ेगी। यूपी में जून के आखिरी हफ्ते में मानसून दस्तक देगा।
अधिकतम तापमान में आ रही गिरावट
तूफान के असर से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। यूपी में प्रयागराज, झांसी, चित्रकूट, बांदा का तापमान जहां 45 डिग्री पार चला गया था, वहीं बीते 24 घंटे से अधिकतम तापमान 44 डिग्री के अंदर आ गया है। शुक्रवार को प्रदेश में प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा, यहां का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कानपुर में रात के तापमान ने तोड़ा 23 साल का रिकॉर्ड
दिन के तापमान के मुकाबले बादलों की आवाजाही के चलते रात का तापमान चढ़ रहा है। डॉ पांडेय ने बताया कि कानपुर में शुक्रवार की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। इसने बीते 23 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कानपुर में प्रदेश में जून में सबसे ज्यादा रात का तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्ष-2001 में 20 डिग्री, 2005 में 29.3, 2011 में 27.8, 2015 में 29.2, 2019 में 28.6 और 2022 में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।