(www.arya-tv.com) आगरा में यमुना में नहाने गए दो बच्चे डूब गए। दोनों बच्चों के कपड़े नदी के किनारे रखे हुए हैं। घटना की जानकारी गुरुवार देर शाम को हुई। तभी से पुलिस और गोताखोर बच्चों की तलाश में जुटे हैं। मामला थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के पवन विहार के पास का है। यहां यमुना नदी में टेढ़ी बगिया स्थित इस्लाम नगर श्यामपुर के रहने वाले रितिक (10) पुत्र विजयपाल और तन्नू (9) पुत्र सत्यप्रकाश नहाने आए थे। वह घर से दोपहर 12 बजे निकले थे। दोनों बच्चे देर शाम तक घर नहीं आए तो परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजन इधर-उधर पूछताछ करते हुए पवन विहार पहुंचे। यहां उन्हें बताया गया कि कुछ बच्चे यमुना में नहाने गए थे। परिजन यमुना किनारे पहुंचे तो दोनों बच्चों के कपड़े नदी के किनारे पर रखे मिले।
गोताखोर जुटे खोजने में
परिजनों ने देर शाम को घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रात को बच्चों की तलाश की। यमुना में स्टीमर और गोताखोरों की मदद से काफी सर्चिंग की गई लेकिन बच्चों का कहीं पता नहीं चला। दोनों बच्चे के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया गया है कि यमुना किनारे जिस बच्चों के कपड़े रखे मिले हैं, वहां पहले की लोगों के डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। दरअसल खनन माफियाओं ने यमुना से बालू निकालकर यहां काफी गहरे गड्ढे कर दिए हैं।