(www.arya-tv.com) कानपुर के बर्रा थाने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। भाजपा कार्यकर्ता पर FIR दर्ज करने के मामले में सोमवार रात पुलिस से धक्का-मुक्की और जमकर गाली-गलौज की। इतना ही नहीं थाने में पुलिस के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए। मौके पर पहुंची एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी क्रॉस FIR दर्ज की। जांच ACP नौबस्ता को सौंपी। तब जाकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता शांत हुए।
अखिलेश यादव ने हंगामे का वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- भाजपा राज में भ्रष्टाचार की आंधी है। राकेश तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ बर्रा पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है। जबकि मामले में समझौता होने के बाद दूसरी तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई है। बार बार कहने के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे।
भाजपा कार्यकर्ता पर FIR दर्ज होने के बाद हुआ हंगामा
जरौली फेस-2 निवासी शशांक द्विवेदी का भाजपा कार्यकर्ता शोभित दीक्षित से झगड़ा हो गया था। लेकिन, थाने में बैठकर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। आरोप है कि इसके बाद 5 जून को फिर से शोभित दीक्षित ने करन दीक्षित, रवि प्रकाश पांडेय और अनुज पांडेय के साथ शशांक द्विवेदी को इतना पीटा कि हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
कॉलर बोन टूट गई। इसके चलते मामला दोबारा थाने पहुंच गया। बर्रा पुलिस ने मेडिकल के आधार पर शशांक की तहरीर पर मारपीट की धारा में FIR दर्ज की थी। इसी बात को लेकर भाजपा नेता राकेश तिवारी की अगुआई में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार रात को बर्रा थाने में हंगामा किया।
भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच
जॉइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि बर्रा थाना प्रभारी पर भाजपा नेताओं ने जो एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया है। इसकी जांच की जा रही है। इससे कि भविष्य में सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। थाने में जिन लोगों की ओर से आमर्यादित आचरण किया गया है। उसे हम वीडियो फुटेज और थाने के सीसीटीवी से देखकर जांच कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।