- जिलों से नई दिल्ली के लिए 93 नई राजधानी सेवा का आगाज
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सुगम और सुरक्षित यात्रा सभी नागरिकों का अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि एक यात्री जिस विश्वास के साथ यात्रा करता है, हमें उस यात्री के अधिकार के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिये। परिवहन निगम की बसों या प्रदेश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा का उपयोग करने वाले लोगों को सरकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। परिवहन निगम जिन कार्यक्रमों को लेकर आगे बढ़ रहा है उसे और प्रभावी ढंग से किए जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर राज्य सड़क परिवहन निगम की विकास यात्रा तथा उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के 50 वर्षों की यात्रा पूर्ण होने के अवसर पर इन बसों के शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि आजादी के कुछ माह पूर्व 15 मई, 1947 को उस समय के उत्तर प्रदेश में लोगों की सुगम व सुरक्षित यात्रा के लिए राजकीय परिवहन सेवा प्रारम्भ हुई। यह सेवा 01 जून, 1972 को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के रूप में आगे बढ़ी।
दुनिया की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने लड़ाई लड़ी। इस दौरान भारत सरकार के साथ मिलकर सभी कार्य ईमानदारी के साथ प्रभावी रूप से लागू किए गए। निःशुल्क टेस्ट, निःशुल्क उपचार की व्यवस्था, डोर-टू-डोर कैम्पेन के माध्यम से स्क्रीनिंग करना तथा जिन लोगों का रोजगार खत्म हो गया था, रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवा का उपयोग कराने का कार्य परिवहन निगम के साथ ही, निजी आपरेटरों के स्तर पर किया जाना चाहिए। निजी आपरेटरों को इसके लिए एक रेगुलेशन के साथ जोड़ा जाना चाहिए। इसके माध्यम से सभी गांव तथा शहरों को बेहतरीन बस सेवा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अपने 50 वर्षों की यात्रा में परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। परिवहन निगम की आय में वृद्धि हुई है। परिवहन निगम एक नये कलेवर में कार्य कर रहा है। प्रदेश सरकार जनता हेतु अच्छी परिवहन सुविधा देने के लिए अपनी सेवाओं में वृद्धि, यात्री सेवाओं का उच्चीकरण और आधुनिक तकनीक के उपयोग को प्राथमिकता दे रही है। यह बस सेवाएं इस प्रकार संचालित हांेगी कि यात्री दिल्ली पहुंचकर अपने आवश्यक कार्यों का सम्पादन कर उसी दिवस वापसी की यात्रा अपने गंतव्यों हेतु प्रारम्भ कर सके।इस अवसर पर विधायक अमरेश कुमार, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रशान्त त्रिवेदी, प्रमुख सचिव परिवहन एल0 वेंकटेश्वर लू, प्रबन्ध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम मासूम अली सरवर तथा जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहेे।