डॉ. राजेश्वर सिंह का एक्शन अवतार, बुलडोजर पर चढ़कर किया प्रचार

Lucknow
  • डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया हाई वोल्टेज चुनाव प्रचार, भव्य रोड शो में मिला जनता का समर्थन अपार
  • बुलडोजर पर चढ़कर डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया जनसंपर्क, कहा- विकास का पर्याय है ट्रिपल इंजन
  • डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया भव्य चुनावी प्रचार, विपक्षियों पर भी किया कड़ा प्रहार

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह सभी भाजपा प्रत्याशियों को विजय सुनिश्चित करने के लिए निरंतर वृहद स्तर पर प्रचार कर रहे हैं जिसे जनता का अभूतपूर्व समर्थन भी प्राप्त हो रहा है। सोमवार को भी डॉ. राजेश्वर सिंह फुल एक्शन मोड में दिखे। कभी बाइक से, कभी जीप से तो कभी बुलडोजर पर चढ़कर उन्होंने भाजपा के मेयर प्रत्याशी और पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने  कल्याण सिंह वार्ड से भाजपा पार्षद प्रत्याशी डॉ. मोहन पासी के समर्थन में जनसंपर्क किया। इस दौरान युवाओं से लेकर वृद्धों तक, बच्चों से लेकर महिलाओं तक हर कोई उत्साहित दिखा। जनता का सम्मान और समर्थन पाकर डॉ. राजेश्वर सिंह भावविभोर हो गए। उन्होंने क्षेत्रवासियों का अभिनंदन किया और भारी मतों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का आवाहन किया।

इसके बाद उन्होंने श्रद्धेय अटल बिहारी वार्ड से भाजपा पार्षद प्रत्याशी शशिबाला रावत के पक्ष में भव्य बाइक रैली निकाली जिसकी शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ हुई, इसमें बड़ी संख्या में लोग जुड़े। खुशनुमा मौसम ने इस बाइक रैली की भव्यता को दोगुना कर दिया। इस दौरान कई जगह सरोजनीनगर विधायक का स्वागत-सम्मान किया गया। इसी बीच उन्होंने बुलडोजर पर चढ़कर भी प्रचार किया।

चुनाव प्रचार के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह कमल का फूल थामे नजर आए। हर कोई उनसे मिलने, उन्हें माला पहनाने तथा उनके साथ सेल्फी खिंचाने को आतुर दिखा। डॉ. राजेश्वर सिंह ने किसी भी व्यक्ति को निराश नहीं किया और हर किसी की इच्छा पूरी की। इसके बाद वो जीप पर सवार होकर रोड शो करते नजर आए।

जनसंपर्क के दौरान डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा विकास का पर्याय है, हर शख्स-हर वर्ग की उन्नति के लिए संकल्पित है। लखनऊ देश की सबसे तेज गति से प्रगति करने वाली राजधानी है। यह निरंतर विकास की राह पर चलता रहे, इसके लिए ट्रिपल इंजन की आवश्यकता है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल को विजयी बनाने की अपील की और कहा कि सुषमा खर्कवाल अनुभव व सबसे योग्य प्रत्याशी है। उनकी जीत से लखनऊ को नई ऊर्जा मिलेगी।

इस दौरान सरोजनीनगर विधायक विपक्षियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा ने प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार और दंगों दिए तो वहीं भाजपा ने सुशासन और समृद्धि दी। सपा-बसपा के काल में सूरज ढलते ही घर से निकलना मुश्किल था, लेकिन आज प्रदेश में पूरी तरह से अमन चैन और शांति है। भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। यह सब जनता के समर्थन और उनकी वोट की ताकत से संभव हुआ है। जनता का यह समर्थन अभूतपूर्व है। मेरा पूरा विश्वास है कि इस चुनाव में जनता एक बार फिर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएगी।