उन्नाव गैंगरेप पीड़ित बोली- आरोपियों ने घर फूंका:जमानत पर छूटे, समझौते का दबाव बना रहे थे

# ## UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के उन्नाव में नाबालिग गैंगरेप पीड़ित के घर आग लग गई, जिसमें दो बच्चे भी झुलस गए। इसमें एक बच्चा 7 महीने का और दूसरी बच्ची 2 महीने की है। बच्चों को कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित और उसकी मां का इलाज उन्नाव के जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है।

पीड़ित और उसकी मां का आरोप है कि गैंगरेप करने वाले मुकदमे में सुलह करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे और डंडों से पीट दिया। इसके बाद घर में आग लगा दी। 2 मासूम बच्चों को जलाकर मारने की कोशिश की।

13 साल की नाबालिग लड़की से 13 फरवरी 2022 को गांव के ही 5 युवकों ने रेप किया था। इसके बाद वह गर्भवती हो गई थी और 7 महीने पहले उसने एक बच्चे को जन्म दिया था। गांव के रहने वाले 3 आरोपियों अमन, अरुण और सतीश को जेल भेजा गया था। वे एक महीने से जमानत पर हैं।

मां बोली- समझौते का दबाव बनाया, उसके बाद आग लगा दी
गैंगरेप पीड़िता की मां ने बताया, ‘बेटी की जिंदगी बर्बाद करने वाले जमानत पर बाहर आए हैं। सोमवार शाम को आरोपी अमन व सतीश अपने 2 अन्य साथियों के साथ मेरे घर आए। उनके साथ मेरे देवर और ससुर भी थे। सभी रेप के मामले में समझौता करने का दबाव बनाने लगे। विरोध किया तो हत्या करने की धमकी देने लगे।

समझौता न होता देख आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडे से पूरे परिवार को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद छप्पर में आग लगा दी। 2 बच्चे झुलस गए। घर का सामान भी जल गया।’

पीड़ित बोली- पुलिस ने आरोपियों की मदद की
पीड़िता ने आरोपियों की मदद करने का आरोप भी लगाया है। गैंगरेप पीड़िता की मां ने बताया, ”आरोपी केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मेरी लड़की को मारा, मुझे भी मारा। आग लगाई और बच्चों को आग में फेंक दिया।”

ADM बोले- मामले की जांच की जा रही
ADM नरेंद्र सिंह ने बच्चों के बेहतर इलाज के आदेश दिए हैं। एसपी उन्नाव सिद्धार्थ शंकर मीना ने सीओ पुरवा को जांच सौंपी है। ADM नरेंद्र सिंह ने बताया कि अमन और सतीश एक महीने पहले जमानत पर बाहर आए हैं। सीओ पुरवा संतोष सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर नामजद अभियुक्तों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।