(www.arya-tv.com) महाशिवरात्रि शनिवार को है, इसके चलते शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों को सजाया जा रहा है। आज रात से ही इन शिवालयों में बम-बम भोले के जयकारे गूंजने लगेंगे। हर बार की तरह इस बार भी शिव के भक्त अपने आराध्य महादेव पर जल चढ़ाने के लिए शाम से ही मंदिरों में पहुंचने लगेंगे।
ऐसे में आनंदेश्वर, जागेश्वर, सिद्धनाथ, खेरेश्वर और वनखंडेश्वर जैसे शिवालयों में भक्तों की भीड़ जुटने की संभावना है। भीड़ को संभालने के लिए मंदिरों की प्रबंधन कमेटियों ने महिला और पुरुषों की अलग लाइन लगवाने के इंतजाम किए हैं।
शिवालयों में इतने बजे खुलेंगे पट
-आनंदेश्वर मंदिर,परमट की प्रबंध समिति के मुताबिक शुक्रवार शाम 7.30 बजे के बाद भक्तों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसे देर रात 2 बजे मंगला आरती के बाद भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा।
-नवाबगंज स्थित जागेश्वर मंदिर में समिति के अध्यक्ष गिरजा शंकर मिश्रा और महामंत्री प्राण श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार रात 3.30 बजे मंगला आरती के बाद पट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। भोग के लिए यह पट सुबह 11.45 बजे से दोपहर 12.05 बजे तक बंद रहेंगे। इसके बाद इन्हें खोल दिया जाएगा। रात 10.30 बजे मंदिर की सफाई के लिए पट को थोड़ी देर बंद किया जाएगा। देर रात यहां भोलेनाथ के चार अभिषेक होंगे। जिनमें भक्त सपरिवार शामिल होंगे
-जाजमऊ के सिद्धनाथ मंदिर के पुजारी मुन्नीलाल ने बताया कि रात 3 बजे से रुद्राभिषेक होगा, इसके बाद भक्त बाबा के दर्शन कर सकेंगे। वहीं वनखंडेश्वर मंदिर, पी रोड के मुख्य पुजारी वासुदेव प्रसाद मिश्रा ने कहा कि देर रात 3.30 बजे होने वाली मंगला आरती के बाद भक्तगण पूजा अर्चना कर सकेंगे।
-शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर के पुजारी बाबा कमलेश पुरी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर भक्तों को पूरी रात बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। मंदिर के कपाट नहीं बंद किए जाएंगे और श्रद्धालु 24 घंटे बाबा शिव के दर्शन कर सकते हैं।
इन मंदिरों में जुटेगी भारी भीड़
नयागंज स्थित नागेश्वर मंदिर, कछुआ तालाब पनकी के शिवमंदिर, भोलेश्वर मंदिर बर्रा बाईपास, खेरेपति मंदिर फूलबाग, स्वरूप नगर स्थित भोलेश्वर और गृहस्थेश्वर मंदिरों में पूरे दिन शिवरात्रि की तैयारी होती रही। कमेटियों ने रुद्राभिषेक, विशेष भोग, मंगला आरती, बेरीकेडिंग, पार्किंग जैसी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन मंदिरों में हर साल महाशिवरात्रि पर काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कई में विशेष आयोजन भी होंगे।