(www.arya-tv.com) कोहरे के चलते दूर-दराज के यात्रियों को यात्रा करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां अधिकतर सरकारी बसों के फेरे कम कर दिए गए हैं। वहीं, रात में चलने बसें पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। कोहरे के कारण ज्यादातर ट्रेनों की गति धीमी हो गई है।
ऐसे में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की रफ्तार थम सी गई है। कई ट्रेनें तो 6 से 8 घंटे की देरी से अपने गंतव्य स्टेशनों पर पहुंच रही है। मुंबई की तरफ जाने वाली ट्रेनों में इन दिनाें सबसे ज्यादा भीड़ भी है। जनरल, स्लीपर से लेकर एसी बोगी तक फुल चल रही हैं। वंदे भारत, हम सफर और प्रयागराज एक्सप्रेस, मुंबई जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस कई घंटे देरी से प्रयागराज जंक्शन और छिवकी स्टेशन पर देरी से पहुंची।
देरी से पहुंची ये ट्रेन
शिवगंगा चार घंटे देरी से सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर पहुंची। प्रयागराज एक्सप्रेस तीन घंटा देरी से और हमसफर एक्सप्रेस करीब तीन घंटे देरी से यानी सुबह नौ बजे प्रयागराज पहुंची। ब्रह्मपुत्र मेल पौने पांच घंटा देरी से, मगध एक्सप्रेस पौने पांच घंटे देरी से पहुंची। वाराणसी से मुंबई जाने वाली ट्रेन महानगरी एक्सप्रेस करीब एक घंटे देरी से छिवकी स्टेशन पर पहुंची।
रात में चलने वाली 67 बसों के संचालन पर ब्रेक
प्रयागराज क्षेत्र से रात में चलने वाली 67 बसों के संचालन पर ब्रेक लग गई है। दरअसल, दो दिन पहले ही शासन स्तर से यह निर्देश दिए गए हैं कि कोहरे और ठंड को देखते हुए रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन नहीं होगा। इसके बाद से इसका पालन कड़ाई से किया जा रहा है। ठंड के चलते बस से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या कम हो गई है। वाराणसी जाने वाली बस सुबह आठ बजे प्रयागराज से रवाना हुई है।
फ्लाइट पर भी पड़ा है इसका असर
कोहने के चलते फ्लाइट पर भी पड़ा है। अभी दो दिन पहले ही यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल लखनऊ से प्रयागराज आ रही थीं लेकिन मौसम के चलते वह फ्लाइट से नहीं आ सकीं और उन्हें कार से आाना पड़ा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय एयरपोर्ट (बमरौली) आने वाली सात फ्लाइटें रद कर दी गई थीं। बुधवार को विमानों के उड़ानों पर संकट रहा। सुबह के बाद मौसम साफ होने के कारण फ्लाइटों का संचालन शुरू हो गया था। महज तीन फ्लाइटें ही निरस्त रहीं।