(www.arya-tv.com) त्योहारों पर अगर आप ऑनलाइन शॉपिंग करने का सोच रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। क्योंकि साइबर ठग फर्जी लिंक तैयार कर वॉट्सऐप और फेसबुक के जरिए नामी ऑनलाइन कंपनियों के प्रोडक्ट का ऑफर दे रहे हैं।
ठग 4जी से 5जी नेटवर्क में सिम बदलने और दीपावली-धनतेरस पर कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर भारी छूट दे रहे हैं। ऐसे में जैसे ही लिंक पर आप क्लिक करके एप्लिकेशन फॉर्म भरते हैं। उसके कुछ देर बाद आपका अकाउंट खाली हो जाता है और रुपए कटने का मैसेज आने के बाद ठगी का पता चलता है।
2022 से अब तक 3 हजार 4 सौ 60 साइबर क्राइम की शिकायतें आ चुकी हैं। साइबर सेल के एक अधिकारी ने बताया कि हर 3 महीने में साइबर जालसाजी का पैटर्न बदल जाता है। आज हम आपको जिनके साथ साइबर ठगी हुई, उनके बारे में बताएंगे। इसके बाद साइबर एक्सपर्ट बताएंगे कि ठग आपके खाते कैसे खाली करते हैं।
- आइए सबसे पहले आपको 3 साइबर ठगी के बारे में बताते हैं…
केस-1 ADG की पत्नी से कोरियर डिलीवरी के नाम किया फ्रॉड
रेलवे ADG पीयूष आनंद की पत्नी प्रीति ने 25 सितंबर को ऑनलाइन सामान ऑर्डर किया था। उन्होंने 29 सितंबर को विभूतिखंड थाने में शिकायत दर्ज कराई कि श्वेता जैन नाम की महिला को मेल कर ऑर्डर बुक किया था। समय से सामान नहीं आने पर कोरियर कंपनी का गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च किया, जिससे सामान भेजा गया था।
उस पर संपर्क करने के कुछ ही देर बाद एक नंबर से फोन आया। उसने घर का पता गलत होने के चलते सामान डिलीवर नहीं होने की बात कही। उसकी बातों में आकर घर का एड्रेस शेयर करने के लिए भेजे गए। एनी डेस्क एप के लिंक को डाउनलोड कर लिया। जिसके बाद खाते से 14 हजार 6 सौ 71 रुपए कट गए।
केस-2
एक बैंक अधिकारी से 1 लाख रुपए ठगे
लखनऊ के निशातंगज में एक बैंक अधिकारी रहते हैं। उनके पास 28 सितंबर को एक फोन आया। उसने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया। बिल में छूट का झांसा देकर एनी डेस्क एप डाउनलोड कर दिया। OTP देते ही उनके खातों से 1 लाख रुपए कट गए।
केस-3
साइबर ठग ने फोन करके बिजली कनेक्शन काटने की धमकी दी
साइबर ठग ने बाजारखाला निवासी सुम्बल फरीद को फोन किया। फौरन बिजली का बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी। उसने बेटी की मदद से साइबर ठग के भेजे लिंक से एनी डेस्क एप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद ही उनके खाते से 50 हजार रुपए कट गए।
- इस तरह से आता है लिंक
5 मिनट में 4G को 5G में कन्वर्ट करें
मोबाइल फोन पर लिंक भेजते हैं। इसमें लिखा होता है 4G नेटवर्क से 5G नेटवर्क में कन्वर्ट करने के लिए क्लिक करें। कपड़ों और ब्रांडेड कंपनियों के नाम का इलेक्ट्रिक सामान पर छूट का भी लिंक होता है। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता है। साइबर ठग मोबाइल को अपने कंट्रोल में ले लेता है। इसके बाद रुपए गायब कर देता है।
ADCP क्राइम अखिलेश सिंह बोले- अनजान व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी न दें
ADCP क्राइम अखिलेश सिंह ने बताया, “साइबर ठगों ने 5G नेटवर्क में बदलने के नाम पर लोगों की डिटेल लेकर खाता खाली कर रहे हैं। इसको लेकर लोगों को अलर्ट किया गया है। ये लोग 5 मिनट में 5G नेटवर्क में करें कन्वर्ट 4G का ऑफर देते हैं। लोग उनकी बातों में आकर नए सिम कार्ड के लिए आवश्यक डॉक्युमेंट के नाम पर अपनी निजी जानकारी देते हैं। जिसके बाद साइबर ठग उनके खाते का सारा पैसा उड़ा देते हैं।”
साइबर एक्सपर्ट अमित दुबे बोले– नामी कंपनी के मिलते-जुलते नामों से बना ली है साइट
साइबर एक्सपर्ट अमित दुबे ने बताया, “ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियां दीपावली और धनतेरस पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई लुभावने ऑफर दे रही हैं। इसका फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं। उन्होंने नामी कंपनी से मिलते-जुलते नामों से गूगल से लेकर सोशल साइट तक के प्लेटफार्म पर अपने लिंक जारी कर दिए हैं। साथ ही मोबाइल नंबर पर मैसेज बनाकर लिंक भेजकर भी ठगी कर रहे हैं। ग्राहकों से लुभावने ऑफर देकर फॉर्म भरवाते हैं। निजी जानकारी लेकर पैसा निकालना शुरू कर देते हैं।”