(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में अप्रैल के आखिरी दिन गर्मी अपने चरम पर है। शुक्रवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। यूपी के 4 शहरों लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और झांसी में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 1 मई से 5 मई के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।
UP के 5 सबसे गर्म जिले
जिला | तापमान |
बांदा | 47.0 |
प्रयागराज | 46.8 |
कानपुर | 46.3 |
लखनऊ | 4 5.1 |
वाराणसी | 45.0 |
लखनऊ में गर्मी ने तोड़ा 23 साल का रिकॉर्ड
लखनऊ में अप्रैल के महीने में गर्मी ने 23 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 23 साल बाद यानी सन 1999 के बाद शुक्रवार को सीजन में पहली बार राजधानी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। यहां का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही दिन भर लू चली। इस वजह से मौसम बेहद गर्म रहा।
तीन मई तक धूल भरी आंधी चलेगी
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, प्रदेश में एक मई से पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक मई को पूर्वी प्रदेश और दो मई से पांच मई तक प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। तीन मई तक प्रदेश भर के अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। इस दौरान लू का असर देखने को मिलेगा।
इन पांच शहरों में गर्मी से ज्यादा खतरा
लखनऊ के साथ ही कानपुर में 46, बनारस में 45, प्रयागराज में 46 बांदा में 47, झांसी में 46 और आगरा में 45 डिग्री से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इन जिलों में गर्मी से लोगों को ज्यादा खतरा है।
मेरठ और फतेहगढ़ में सबसे कम तापमान
प्रदेश में शुक्रवार को सबसे न्यूनतम तापमान मेरठ में 21.6 डिग्री सेल्सियस और फतेहगढ़ में 21.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया।