फिरोज खान-विनोद खन्ना की पुण्यतिथि:दोस्ती ऐसी की मौत का कारण और तारीख एक ही

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)बॉलीवुड में दुश्मनी के किस्से तो बहुत मशहूर हुए होंगे पर दोस्ती को मशहूर किया फिरोज खान और विनोद खन्ना की दोस्ती ने। दोनों की दोस्ती साल 1976 में शंकर शंभु के सेट पर हुई थी। फिल्म के साथ दोनों की दोस्ती भी गहरी हो गई। इस फिल्म के बाद इन दोनों की जोड़ी 1980 की हिट फिल्म कुर्बानी और 1988 में फिल्म दयावान में नजर आई। दोनों ही फिल्मों के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर फिरोज खान थे। फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने के बाद विनोद ने दयावान फिल्म से वापसी की थी। दोनों की दोस्ती के कई किस्से आज भी इंडस्ट्री में मशहूर हैं।

एक ही तारीख को हुआ विनोद-फिरोज का निधन

एक्टर फिरोज खान का निधन 27 अप्रैल 2009 में अपने जन्म स्थान बेंगलुरु में हुआ था जिसके ठीक 8 साल बाद 27 अप्रैल 2017 को विनोद खन्ना ने 70 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांसें ली थीं। विनोद के निधन के बाद ऋषि कपूर और सोफी चौधरी जैसे कई सेलेब्स ने इस इत्तेफाक को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

जब विनोद खन्ना को लेना पड़ी ओशो की शरण

विनोद खन्ना की जिंदगी भी किसी फिल्म की कहानी की तरह उतार-चढ़ावों से भरी हुई थी। उनके पास दौलत, शौहरत और सब कुछ होने के बाद भी उनके जीवन में एक खालीपन सा था। विनोद खन्ना ने अपनी करियर की ऊंचाई पर पहुंचकर एक ऐसा फैसला लिया जिसने सबको हैरान कर दिया था। दरअसल, साल 1982 में विनोद खन्ना फिल्‍मी दुनिया छोड़कर अपने गुरु रजनीश ओशो के साथ अमेरिका जाकर उनके आश्रम में रहने लगे। विनोद पांच साल तक अमेरिका में ओशो के आश्रम में रहे थे। बाद में एक इंटरव्यू के दौरान विनोद खन्ना ने बताया था कि उनके पास सब कुछ था लेकिन फिर भी वे अंदर से बेचैन रहते थे। ओशो के आश्रम में विनोद ने टायलेट की सफाई करना, बरतन साफ करना और गार्डनिंग के काम किए थे। हालांकि कुछ सालों बाद वो फिर भारत वापस आ गए और फिल्मी दुनिया में उनकी वापसी भी फिरोज खान ने ही करवाई और फिल्म दयावान बनाई।

फिरोज खान को जब पाकिस्तान में कर दिया गया था बैन

बॉलीवुड के काऊब्वॉय कहे जाने वाले फिरोज खान ने पाकिस्तान में एक पार्टी के दौरान पाकिस्तानी सिंगर और एंकर फख्र ए आलम के साथ किसी बात पर बहस होने लगी। पाकिस्तान की बड़ाई और भारत की बुराई करती हुए एंकर कुछ ज्यादा ही बोलने लगी थी। पाकिस्तानियों का मुंह बंद करने के लिए फिरोज खान ने एंकर को ऐसा जवाब दिया कि उनका मुंह उसी समय बंद हो गया। फिरोज खान ने कहा कि हमारे भारत में हर कौम तरक्की कर रही है और इस्लाम के नाम पर बना पाकिस्तान पिछड़ रहा है। यहां मुस्लिम रहते हैं फिर भी आपस में लड़ते हैं हमारे यहां राष्ट्रपति मुस्लिम और प्रधानमंत्री सिक्ख हैं। इस बात को लेकर मुद्दा इतना बढ़ गया कि भारत आने के बाद पाकिस्तान ने फिरोज खान की पाकिस्तान में एंट्री बैन करवा दी। जिसके बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भारत में पाकिस्तानी हाई कमिश्नर को निर्देश दिया था कि इस शख्स को पाकिस्तान का वीजा न दिया जाए। इसके बाद से फिरोज खान ने पाकिस्तान की यात्रा नहीं की।