www.arya-tv.com
अभिषेक राय
राजधानी लखनऊ में सोमवार को सिलेंडर से लगी आग से एक के बाद एक करीब 80 झुग्गियां चपेट में आ गईं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली। आग की लपटों से सड़क के दूसरे ओर बने एक घर का भी कुछ सामान जल गया। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग घरों से निकलकर सड़क पर आ गए। कुछ लोग छतों पर चढ़ गए।
घटना फैजुल्लागंज थाना क्षेत्र के श्याम विहार कॉलोनी की है। सूचना पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों के साथ नगर निगम के कर्मी भी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका के चलते मौके पर पांच एंबुलेस भी बुला ली गईं। घंटों की मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है।
बताया गया कि झुग्गी में रहने वाले लोग सुबह घर में खाना बना रहे थे। इसी समय एक छोटे सिलेंडर (पांच किग्रा) में आग लग गई। आग छप्पर में फैल गई। तेज हवा के कारण एक के बाद एक झुग्गी में फैलती गई। आग से कई और घरों के सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब 80 झुग्गियां जलने लगीं। आग की लपटों में फंसे लोग जान बचाकर दूर भागे। लपटें इतनी तेज थीं कि सड़क के दूसरी ओर बने घर तक पहुंच गई।