प्रयागराज (www.arya-tv.com) सांसद डा. रीता जोशी ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश में काबिज मोदी व योगी की सरकार लगातार किसानों, गरीबों, मजलूमों, असहायों के हित का कार्य कर रही है। अब तक प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना का लाभ 70 लाख लोगों को दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार से नहरों की सफाई इस वर्ष कराई गई किसी भी सरकार में नहीं कराई गई थी। टेल तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य काफी दिनों से चल रहा था जिसे भाजपा सरकार ने पूरा कर दिखाया।
सांसद डॉ0 रीता जोशी ने विधानसभा कोरांव के न्याय पंचायत सजी के भलुहा गांव में यातायात जागरूकता एवं ठंड से बचाने के लिए गरीबों को कंबल एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम में कहा कि गंगापार व जमुनापार को एक करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंजूरी दे दी है। शीघ्र पुल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज जनपद को 2019 के जाते-जाते डिफेंस कॉरिडोर में शामिल कर लिया गया है।
जिससे कई बंद पड़ी मीलों की शुरुआत जल्द ही होगी। कार्यक्रम में नगर पंचायत के चेयरमैन नरसिंह केसरी ने कहा कि क्षेत्र में सड़कों की हालत दयनीय है। उन्होंने सांसद से सड़कों की मरम्मतीकरण कराए जाने की मांग की। समारोह को राजेश त्रिपाठी, रामअवध कुशवाहा ब्लाक प्रमुख कोरांव , प्रधान भलुहा रिया सिंह ,जिला महामंत्री रामेश्वर द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर सिंह पटेल, राजेश्वरी तिवारी, अनिल मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, विजय पुरुषवाणी, अरविंद तिवारी, आर के पांडेय, दुर्गा शंकर सिंह राम नवल सिंह बबुआन द्विवेदी आदि ने संबोधित किया। कंबल व हेलमेट वितरण की अध्यक्षता प्रधान भलुहा रिया सिंह व संचालन पूर्व प्रधान पडरिया बलराम द्विवेदी ने किया।