26 देशों में हाहाकार मचा रहा कोरोना, जानिए किस देश में हैं कितने मरीज?

# ## National

चीन के वुहान से फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में दहशत फैला रखी है। चीन और यहां से बाहर के देशों में हर रोज लोग इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ रहे हैं। वायरस से संक्रमित लोगों और मौतों में लगातार इजाफा हो रहा है और इस घातक संक्रमित वायरस को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य्य संगठन ने पूरी दुनिया में स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है। इस विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या 71 हजार पहुंच गई है और मौतों की संख्या 1,775 हो गई है। सबसे ज्यादा मौतें और संक्रमित चीन के हुबई प्रांत से ही हैं। सोमवार को चीन में इस वायरस से 105 नई मौतों की पुष्टि हुई है। एशिया और यूरोप को अपनी चपेट में लेने वाले इस वायरस की कुछ देशों में अभी भी एंट्री नहीं हुई है। ये देश बचे हुए हैं। एशिया से बाहर फ्रांस में एक चीनी टूरिस्ट की मौत हो गई है, जो इस वायरस से संक्रमित था। आइए जानते हैं किन देशों में अभी कितने लोग इस घातक वायरस की चपेट में आए हैं..।
कोरोना वायरस 26 देशों तक पहुंच गया है। एशिया, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, अफ्रीका और मध्य पूर्व के देशों में कोरोना वायरस ने पांव पसारे हैं।

ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 15 पहुंच गई है। सरकार के मुताबिक, इस वायरस की चपेट में आने वाले तीन लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। कोरोना वायरस से संक्रमित ज्यादातर लोग चीन के वुहान से ऑस्ट्रेलिया में आए हुए हैं।

बेल्जियम, कंबोडिया और कनाडा
बेल्जियम और कंबोडिया में कोरोना वायरस के एक-एक मामले की पुष्टि हुई है। बेल्जियम ने इससे पहले चार फरवरी को कहा था कि नौ नागरिकों में कोरोना वायरस के लक्षण मिले हैं, हालांकि टेस्ट के बाद इनमें से एक ही व्यक्ति के इस वायरस के चपेट में आने की पुष्टि हुई। इसी तरह, कंबोडिया में भी एक ही मरीज के कोरोना वायरस के चपेट में आने की पुष्टि हुई है। यहां 27 जनवरी को कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई थी। जबकि कनाडा में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 8 है।

चीन
चीन से दुनियाभर में फैले इस वायरस ने सबसे ज्यादा तबाही चीन के हुबई प्रांत में मचाई है। 16 फरवरी तक चीन में इस वायरस की चपेट में आने वाले 70,615 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से ज्यादातर वुहान से हैं। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग का कहना है कि इस वायरस की चपेट में आने से 1,770 लोगों की मौत हो चुकी है।

मिस्त्र और फिनलैंड
मिस्त्र के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि यहां कोरोना वायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई है। 14 फरवरी को मिस्त्र में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया। यह कोरोना वायरस का अफ्रीका में पहला मामला है। इससे पहले तक अफ्रीका में कोरोना वायरस की एंट्री नहीं हुई थी। हालांकि, यहां भी इस वायरस की चपेट में आना वाला अफ्रीकी नागरिक नहीं है, एक विदेशी टूरिस्ट इस संक्रमित वायरस के चपेट में आया है। फिनलैंड में एक चीनी टूरिस्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। संक्रमित एक महिला है जो कि वुहान की रहने वाली है।

फ्रांस
फ्रांस में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 12 पहुंच गई है। यहां 80 साल के एक चीनी नागरिक की इस घातक वायरस से मौत हो गई है। एशिया से बाहर यूरोप में यह कोविड-19 से पहली मौत का मामला है। फ्रांस में संक्रमित लोगों में से पांच ब्रिटिशनागरिक हैं।

जर्मनी और भारत
जर्मनी में कोरोना वायरस के 16 मामलों की पुष्टि हुई है। जबकि भारत में इस वायरस से तीन लोग संक्रमित हैं। तीनों मरीज चीन से लौटे हुए विद्यार्थी हैं।

इटली, जापान और मलेशिया
इटली में कोरोना वायरस के तीन मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि जापान में कोरोना की चपेट में 355 लोग आए हैं। वहीं, मलेशिया में कोरोना की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या 22 पहुंच गई है।