- लखनऊ में 22वीं पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ
- कोरोना काल के बाद फिर खिला ई-पार्क, फूलों और रंगों से सजी प्रकृति की महफिल
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम द्वारा पद्मश्री डॉ. एस.सी. राय पार्क (ई-पार्क) के प्रांगण में 22वीं पुष्प प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कोरोना काल के दौरान स्थगित रही यह लोकप्रिय प्रदर्शनी इस वर्ष पुनः पूरे उत्साह के साथ शुरू हुई। आयोजन को पुनर्जीवित करने में महापौर, पार्षदों, नगर आयुक्त गौरव कुमार तथा क्षेत्रीय समाजसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शनिवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने फीता काटकर पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
- महापौर ने किया स्टॉलों का निरीक्षण
उद्घाटन के बाद महापौर ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम और शशिकांत शशि ने प्रदर्शनी की रूपरेखा, प्रतियोगिता की श्रेणियों और प्रतिभागियों की जानकारी दी।
बच्चों द्वारा तैयार की गई पुष्प सज्जा को विशेष रूप से सराहा गया। थीम आधारित प्रदर्शनियां और महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। महापौर ने कहा कि ऐसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
- फूलों से बनी कलाकृतियों ने मोहा मन
फ्लावर शो में ताजे फूलों से बनाई गई कलाकृतियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहीं। सबसे पहले लक्ष्मण की फूलों से बनी आकृति का अवलोकन किया गया। इसके बाद होली पर्व को ध्यान में रखते हुए राधा-कृष्ण के होली खेलते दृश्य को पुष्पों से साकार किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया।
मोर, तितली और पेंगुइन की पुष्प आकृतियां भी प्रदर्शनी की शोभा बढ़ाती नजर आईं। इन कलाकृतियों को देखकर अगले वर्ष प्रदर्शनी को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की घोषणा की गई।
- 24 वर्गों में 262 श्रेणियों की प्रतियोगिता
इस वर्ष प्रतियोगिता 24 वर्गों और 262 श्रेणियों के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। शहर के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों ने इसमें भाग लिया है। प्रतियोगिता में 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को फल-फूल, सब्जियों व हरियाली के महत्व से परिचित कराना है।
- पुरस्कार वितरण और समापन समारोह
प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे। सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को विनर कप अथवा शील्ड प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही समस्त वर्गों में सर्वाधिक पुरस्कार विजेता को ₹2100 की नगद राशि भी दी जाएगी। पुष्प प्रदर्शनी का समापन रविवार शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।
- कार्यक्रम में उपस्थित रहे
कार्यक्रम में पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, नेता पार्षद दल कांग्रेस ममता चौधरी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, समाजसेवी जितेंद्र प्रताप सिंह, कार्यकारिणी सदस्य गौरी सांवरिया, पार्षद सौरभ सिंह ‘मोनू’, प्रमोद सिंह राजन, राकेश मिश्रा, मुकेश सिंह चौहान, राजकुमारी मौर्या, पार्षद प्रतिनिधि सुनील शंखधर, अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राव, उद्यान प्रभारी नंदकिशोर, उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि, गंगाराम गौतम, मंच संचालक शालिनी अग्रवाल, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
