2019 का रहा सबसे बड़ा टॉकिंग प्वाइंट, धोनी संन्यास लेंगे या करेंगे वापसी ?

Game

भारत को दो-दो वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेंगे या फिर संन्यास लेंगे, यह इस साल का सबसे बड़ा चर्चा का विषय रहा है. वर्ल्ड कप-2019 के दौरान धोनी अपनी धीमी बल्लेबाजी की वजह से आलोचकों के निशाने पर रहे. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में रन आउट हो गए थे, जिसके बाद ही भारत की उम्मीदों पर पानी फिर गया था.

टीम इंडिया के वर्ल्ड कप से बाहर हो जाने के बाद धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक ले लिया. उन्होंने इस दौरान टेरिटोरियल आर्मी यूनिट के साथ कश्मीर में 15 दिन बिताए. वह वर्ल्ड कप के बाद से किसी भी इंटरनेशनल क्रिकेट सीरीज का हिस्सा नहीं रहे. माना जा रहा था कि महेंद्र सिंह धोनी 2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. यहां तक की टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने महेंद्र सिंह धोनी की वापसी के संकेत दिए हैं.

हाल ही में शास्त्री ने इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में कहा था कि धोनी का ब्रेक लेना समझदारी भरा है. मुझे उस समय का इंतजार है जब वह दोबारा खेलना शुरू करेगा (आईपीएल के आसपास). मुझे नहीं लगता कि वह वनडे क्रिकेट में खेलने को लेकर अधिक उत्सुक है. वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुका है. टी-20 विकल्प है. यह प्रारूप पूरी तरह से उसके अनुकूल है. लेकिन क्या उसका शरीर कड़ी चुनौतियों का सामना करना पाएगा, इसका जवाब वही दे सकता है.

बता दें कि वर्ल्ड कप 2019 में महेंद्र सिंह धोनी का फॉर्म बेहद खराब रहा. 38 वर्षीय धोनी ने वर्ल्ड कप 2019 में खेले 9 मैचों की 8 पारियों में 45.50 की औसत से 273 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल रहे. इस दौरान धोनी को अपनी धीमी बल्लेबाजी के लिए भी आलोचना झेलनी पड़ी थी.

महेंद्र सिंह धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं. धोनी ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच दिसंबर 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेला था. इसके अलावा धोनी ने अपना आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में खेला था.

वर्ल्ड क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीन बड़ी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. धोनी की कप्तानी में भारत आईसीसी वर्ल्ड टी-20 (2007), क्रिकेट वर्ल्ड कप (2011) और आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी (2013) का खिताब जीत चुका है. इसके अलावा भारत 2009 में पहली बार टेस्ट में नंबर एक बना था.

धोनी की उपलब्धियां
1 क्रिकेट वर्ल्ड कप (2011)
1 टी-20 वर्ल्ड कप (2007)
1 चैम्पियंस ट्रॉफी (2013)
3 आईपीएल खिताब (2010, 2011, 2018)
2 चैम्पियंस लीग टी-20 खिताब (2010, 2014)
10,773 वनडे रन+ विकेट के पीछे 444 शिकार
4,876 टेस्ट रन + विकेट के पीछे 294 शिकार
1,617 टी-20 इंटरनेशनल रन + विकेट के पीछे 91 शिकार

वनडे इंटरनेशनल में प्रदर्शन – महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए अब तक 350 वनडे मैचों में 50.57 की औसत से 10773 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 183 रन रहा. वनडे में धोनी के नाम 1 विकेट है और उनका बेस्ट प्रदर्शन 14 रन देकर 1 विकेट रहा है.

टेस्ट मैचों में प्रदर्शन – महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए अब तक 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4876 रन बनाए हैं, जिसमें 6 शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 224 रन रहा.

टी-20 इंटरनेशनल में प्रदर्शन – महेंद्र सिंह धोनी ने भारत के लिए अब तक 98 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 37.60 की औसत से 1617 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 56 रन रहा.