(www.arya-tv.com)आज सोने-चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट आई है। MCX पर आज दोपहर 1.15 बजे सोना 1,033 रुपए की गिरावट के साथ 47,473 रुपए पर आ गया है। वहीं सफारा बाजार की बात करें तो इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट के अनुसार आज सोना 918 रुपए सस्ता होकर 47,611 पर आ गया है। सोना बीते 1 महीने के अपने सबसे कम रेट पर आ गया है। इससे पहले सोना 8 मई को सोना 47,500 रुपए पर आया था।
चांदी भी 1,800 रुपए से ज्यादा सस्ती हुई
वहीं चांदी की बात करें तो MCX दोपहर 1.15 बजे चांदी 1,844 रुपए की गिरावट के साथ 69,624 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की बात करें तो ये 1,311 रुपए सस्ती होकर 70,079 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है।
अभी और नीचे जा सकता है सोना
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि अमेरिकी फेडरल बैंक के साल 2023 के अंत तक ब्याज दर में 2 बार बढ़ोतरी करने की बात के बाद लोगों की रुचि सोने में कम हुई है। इससे सोने के दाम कम हुए हैं और आने वाले दिनों में ये 46,800 रुपए तक जा सकते हैं।
निवेशकों को इस गिरावट से घबराने की जरूरत नहीं
अनुज गुप्ता कहते हैं कि सोने की इस गिरावट से निवेशकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। ये गिरावट ज्यादा लम्बी चलने वाली नहीं है और इस साल के आखिर तक सोना 55 हजार रुपए तक जा सकता है।
महंगाई बढ़ने का फायदा सोने को मिलेगा
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि कोराना महामारी के कारण देश में महंगाई तेजी से बढ़ी है। जब भी महंगाई बढ़ती है तो इसका फायदा सोने को मिलता है। इसके अलावा अब लॉकडाउन भी खुल गया है इससे शादी और अन्य समारोह भी शुरू होंगे। इससे सराफा बाजार में भी सोने की मांग बढ़ेगी। इस साल के आखिर तक सोना फिर 56 हजार रुपए तक जा सकता है।
फिर बढ़ने लगी है सोने की मांग
देश में आर्थिक गतिविधियों में सुधार के साथ ही सोने की मांग भी बढ़ने लगी है। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार अप्रैल में 6.3 बिलियन डॉलर करीब 46 हजार करोड़ रुपए के सोने का आयात हुआ है। एक साल पहले समान अवधि में केवल 2.82 मिलियन डॉलर करीब 21.61 करोड़ रुपए के गोल्ड का इंपोर्ट हुआ था। हालांकि अप्रैल 2021 में चांदी के इंपोर्ट में 88.53% की गिरावट रही है। इस अवधि में 11.9 मिलियन डॉलर करीब 87 करोड़ रुपए की चांदी का इंपोर्ट हुआ है।
पिछले साल 56 हजार पर पहुंच गया था सोना
पिछले साल जब कोरोना अपने चरम पर था तक सोने का भाव अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। अगस्त 2020 में 56,200 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। उस समय कोरोना महामारी के कारण निवेशकों में डर का माहौल बना हुआ था। इस समय फिर एक बार ऐसा ही माहौल बनने लेगा है।