- स्वास्थ्य सेवाओं में इंफ्रास्ट्रक्चर और मूलभूत सुविधाएं हों बेहतर : ब्रजेश पाठक
लखनऊ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चिकित्सालयों में इंफ्रास्ट्रक्चर, मूलभूत सुविधाएं और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर मंडलों की विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई, सिटीजन चार्टर, साइनेज, स्वच्छ पेयजल, औषधियों की उपलब्धता तथा मानकानुसार उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मरीजों के तीमारदारों के लिए रैन बसेरा की सुविधा भी अनिवार्य रूप से विकसित की जाए।
उपमुख्यमंत्री ने सभी जिला चिकित्सालयों में एमआरआई और आईसीयू सेवाओं को सुचारु रखने, हेल्थ एटीएम की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, फायर ऑडिट कराने तथा फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीटी स्कैन, डायलिसिस सेवाओं को सुदृढ़ करने और एम्बुलेंस सेवाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सतत निगरानी और अस्पताल स्टाफ के यूनिफॉर्म में रहने को अनिवार्य बताया।
बैठक में अमित कुमार घोष, पिंकी जोएल, डॉ पवन कुमार अरुण, डॉ रंजना खरे तथा शिवाकांत द्विवेदी सहित विभिन्न मंडलों के स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 29 अक्टूबर 2025 से मंडलीय समीक्षा और स्थलीय पर्यवेक्षण की नई पहल शुरू की गई है। अब तक कानपुर, अयोध्या, देवीपाटन, प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडलों में समीक्षा पूरी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मेरठ, मुरादाबाद और सहारनपुर मंडलों के 14 जनपदों की 2437 चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया गया, जिसमें जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, विशेष चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज शामिल रहे। निरीक्षण में सामने आए बिंदुओं पर गंभीरता से सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।
