सावधान! कम नमक खाने से भी हो सकती हैं ये गंभीर बीमारियां

Health /Sanitation

नमक के ज्यादा सेवन से आपको कई तरह की गंभीर बीमारियां घेर सकती हैं। खाने में नमक की मात्रा आपको नुकसान पहुंचा सकती हैं। हालांकि कम नमक का सेवन भी आपको बीमार कर सकता है। आइए जानते हैं आपको दिनभर में कितना नमक खाना चाहिए…
नमक स्वाद के लिए जरूरी है लेकिन अगर ज्यादा मात्रा में खाया जाए तो यह हाई ब्लड प्रेशर से लेकर दिल की बीमारी तक कई घातक रोगों को निमंत्रण दे सकता है। हालांकि यह भी सच है कि स्वस्थ रक्तचाप के लिए सोडियम की मात्रा जरूरी है। ऐसे में आपको सेहतमंद रहने के लिए रोज तय मात्रा में ही नमक का सेवन करना चाहिए।
अमेरीकन हार्ट एसोसिएशन (एएचए) का कहना है कि हर व्यक्ति को दिनभर में 2,300 मिलीग्राम ही नमक का सेवन करना चाहिए। यह मात्रा ज्यादा नमक खाने वालों के लिए है जबकि रोज नमक की आदर्श मात्रा 1,500 मिलीग्राम से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। लेकिन हम इस बात पर गौर नहीं करते हैं और हाई ब्लड प्रेशर के शिकार हो जाते हैं।
एएचए का कहना है कि अमेरिकी के लोग हर रोज 3,400 मिलीग्राम नमक का सेवन करते हैं जो कि तय मात्रा से ज्यादा है। 70 फीसदी लोग पैकेट में बंद खाद्य पदार्थों के जरिए नमक की इस मात्रा का सेवन करते हैं। भारत में भी चिप्स से लेकर दूसरे पैकेट बंद खाद्य पदार्थों के जरिए हम तय मात्रा से ज्यादा नमक का सेवन कर रहे हैं जो कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। ज्यादा नमक खाने से आपको कई बीमारियां हो सकती हैं। अगली स्लाइड में पढ़िए नमक के ज्यादा सेवन से होने वाले रोग…

नमक का ज्यादा सेवन दिल की बीमारियों के खतरे को बढ़ा देता है। इसके अलावा, ज्यादा नमक खाने से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या भी होने लगती है। अगर आप तय मात्रा से ज्यादा नमक खाते हैं तो आपको डिहाइड्रेशन की समस्या भी हो सकती है।
शरीर में नमक की मात्रा ज्यादा होने पर पानी जरूरत से ज्यादा जमा हो जाता है। यह स्थिति वाटर रिटेंशन या फ्लूड रिटेंशन कहलाती है। ऐसी स्थिति में हाथ, पैर और चेहरे में सूजन हो सकती है। हालांकि यहां एक बात भी ध्यान रखना जरूरी है कि अगर आप तय मात्रा से कम नमक लेते हैं तो भी आप बीमार पड़ सकते हैं।

दरअसल, नमक एक प्राकृतिक तत्व है जिसमें सोडियम और क्लोरीन तत्व होते हैं। जब आप नमक का सेवन करते हैं तो यह शरीर में इन ही दो घटकों में टूट जाता है। अगर आपके शरीर में नमक की कमी होती है तो आपको सुस्ती के लक्षण दिख सकते हैं। मासपेशियों की कमजोरी और सिर के दर्द की समस्या से भी आप परेशान हो सकते हैं। अगर शरीर में नमक की कमी हो जाए तो मस्तिष्क को क्षति पहुंच सकती है।
जर्नल ऑफ फैमिली मेडिसिन एंड प्राइमरी केयर की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में करीब 20 करोड़ लोगों में आयोडीन की कमी से होने वाले विकार का खतरा है।
आयोडीन की कमी से होने वाली बीमारियां का अगर सही वक्त पर इलाज नहीं किया गया तो यह गंभीर खतरा बन सकती है। शरीर में नमक की कमी से हार्ट का आकार बढ़ने और हार्ट के फेल होने की संभावना रहती है।