वेस्टइंडीज के साथ रविवार से होने वाली वनडे सीरीज के लिए चोटिल तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के स्थान पर शार्दुल ठाकुर को भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है. भुवनेश्वर कुमार का चोटिल होना भारत के लिए सबसे बड़ा झटका है, क्योंकि वह अनुभवी और डेथ ओवरों के स्पेशलिस्ट गेंदबाज हैं.
अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल करने की औपचारिक घोषणा की. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भुवनेश्वर कुमार की भरपाई शार्दुल ठाकुर कर पाएंगे या नहीं.
भुवनेश्वर को हुई ये परेशानी
भुवनेश्वर वेस्टइंडीज के साथ हुए टी-20 सीरीज में खेले थे. इस सीरीज का अंतिम मैच मुंबई में बुधवार को खेला गया था. उस मैच के दौरान भुवनेश्वर ने ग्रोइन इंजुरी की शिकायत की थी.
इसके बाद भुवनेश्वर का अल्ट्रासाउंड किया गया, जिसमें पता चला कि उन्हें हार्निया की समस्या है. इस सम्बंध में विशेषज्ञों की राय ली जा रही है और जल्द ही इस सम्बंध में कोई फैसला लिया जाएगा. वनडे सीरीज का पहला मैच 15 दिसंबर को चेन्नई में खेला जाना है.
भारतीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, ऋषभ पंत, शिवम दुबे, केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक चहर, मोहम्मद शमी और शार्दुल ठाकुर.
