भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का आज (आठ नवंबर) को वह 92 वर्ष के हो गए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में आडवाणी के आवास पर जाकर मुलाकात की और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके साथ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आडवाणी को व्यक्तिगत तौर पर जन्मदिन की बधाई देने के साथ सोशल मीडिया पर भी उनकी तारीफ की। पीएम मोदी ने एक के बाद एक तीन ट्वीट किए। पहले ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा- ‘विद्वान, राजनीतिज्ञ और सबसे आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी भारत हमेशा आपके अभूतपूर्व योगदान को याद रखेगा। आडवाणी जी ने भाजपा को आकार और ताकत देने के लिए दशकों तक कठिन परीश्रम किया है।’भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया कि अपने अथक परिश्रम और संगठन कुशलता से भाजपा को एक राष्ट्रीय पार्टी का स्वरूप देने वाले हम सबके आदरणीय और भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ जीवन व दीर्घायु प्रदान करे ऐसी कामना करता हूं।
आडवाणी जी का पूरा जीवन राष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए समर्पित है। अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता से उन्होंने न सिर्फ पार्टी की एक मजबूत नींव रखी बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया। सरकार में रहते हुए आडवाणी जी ने राष्ट्रहित सर्वोपरि मान भारत को नयी गति देने का काम किया।
ममता ने आडवाणी के जन्मदिन पर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लाल कृष्ण आडवाणी के 92वें जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बनर्जी ने ट्वीट करके पूर्व उप प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
