महाराष्ट्र। मुंबई के आरे कॉलोनी में पेड़ काटने को लेकर बवाल मच गया है। लोग सड़कों पर उतरकर इसके खिलाफ हो गए हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा आरे कॉलोनी को जंगल घोषित करने की सभी याचिकाओं को खारिज करने के बाद शनिवार को भी दिन से ही यहां पेड़ काटने का सिलसिला शुरू हो गया। अब इसको लेकर शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
क्या कहा आदित्य ठाकरे ने
जलवायु परिवर्तन पर केंद्र सरकार के मंत्रालय का कोई मतलब नहीं है। मुंबई मेट्रो के निर्माण के साथ प्लास्टिक प्रदूषण के बारे में बात करना है संवेदनहीनता है। आरे के आसपास के क्षेत्र में पर्यावरण को तबाह किया जा रहा है। अहंकार की लड़ाई इसे बनाने के उद्देश्य को नष्ट कर रही है।
आपको बता दें कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार से ही प्रदर्शनकारी मैट्रो रेल साइट पर पहुंच कर जमकर नारेबाजी करने लगे थे। सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक अब तक 500 से ज्यादा पेड़ काटे जा चुके हैं। पेड़ काटने के लिए और भी मशीन्स साइट पर मंगवाई गई हैं। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है। इलाके के 3 किलोमीटर के रेडियस में किसी को भी जाने की इजाजत नहीं है। पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। शुक्रवार रात को 100 से ज्यादा लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।