मलिंगा का बड़ा ऐलान- संन्यास के बाद फिर मैदान पर करेंगे वापसी

Game

श्रीलंका के कप्तान और अनुभवी तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने अगले साल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट को अलविदा कहने का अपना फैसला वापस ले लिया है। उन्होंने कहा कि वह दो साल और खेल सकते हैं।
मलिंगा ने मार्च में कहा था कि वह ऑस्ट्रेलिया में अगले साल अक्तूबर नवंबर में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेना चाहते हैं। इस फॉर्मेट में श्रीलंका के कप्तान 36 बरस के मलिंगा ने अब कहा कि वह आगे भी खेल सकते हैं।
उन्होंने क्रिकइंफो वेबसाइट से कहा, ‘टी-20 में चार ओवर ही डालने हैं और मुझे लगता है कि मैं इसमें खेल सकता हूं। बतौर कप्तान मैने दुनिया भर में इतने टी-20 खेले हैं कि मुझे लगता है कि दो साल और खेल सकता हूं।’ उन्होंने कहा कि वह श्रीलंका क्रिकेट की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं कि वह टी-20 विश्व कप में कप्तान होंगे या नहीं।
मलिंगा ने कहा, ‘श्रीलंका क्रिकेट ने कहा है कि विश्व कप में मैं कप्तान रहूंगा लेकिन श्रीलंका में कुछ भी हो सकता है।’ टी-20 क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज मलिंगा ने कहा कि खराब दौर से गुजर रही श्रीलंकाई टीम को स्थिर कप्तानी की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘श्रीलंका के पास अच्छे गेंदबाज नहीं है और टीम लगातार अच्छा नहीं खेल पा रही है। हमें एक डेढ साल लगेंगे और तब तक संयम रखना होगा।’ 36 साल के मलिंगा ने कहा कि वह लगातार खेलकर ही अपनी ओर से योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैं युवाओं को कुछ दे सकता हूं तो मुझे खेलना होगा। मैं नहीं खेलूंगा तो ऐसा नहीं कर सकूंगा।’