बंधक बनाकर दो युवकों को रात भर की पीटाई, युवक ने बताई ये बात

Bareilly Zone UP

बरेली (www.arya-tv.com) बन्नूवाल नगर के लोग सुबह दस बजे दो युवकों को लेकर थाना इज्जतनगर पहुंचे। कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फौजी नंदन सिंह मेहरा ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब पौने 12 बजे कुछ आवाज सुनने के बाद उन्होंने बाहर निकले तो देखा कि दोनों युवक उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। एक उनके घर की दीवार फांदने की जुगत में लगा हुआ था, दूसरा ताला तोड़ रहा था। उनके शोर मचाने पर इकट्ठे हुए लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। वे उन्हें किसी तरह बचाकर थाने लाए हैं।

थाने लाया गया एक आरोपी बेहोशी की हालत में था और सिर में चोट लगने से उसकी हालत गंभीर थी। उसके साथी अशरफ खां छावनी निवासी शाहरुख ने बताया कि उसका घायल साथी एजाजनगर गौंटिया का रेहान है जो फाइक एन्क्लेव में किराये पर रहता है।

मेहरा की तहरीर पर पुलिस ने शाहरुख और रेहान के खिलाफ चोरी की कोशिश के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसी बीच थाने पहुंचे शाहरुख और रेहान के परिवार वालों ने दोनों की बेवजह पिटाई का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।

पुलिस ने रेहान को उसके घरवालों को सौंप दिया जिसे उन्होंने जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। बाद में उसे मिशन अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस ने रेहान की पत्नी शबा की तहरीर पर नंदन सिंह मेहरा के साथ कई और अज्ञात लोगों के खिलाफ भी जानलेवा हमले और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। शबा ने तमंचे के जोर पर लाठी-डंडों से रेहान की पिटाई का आरोप लगाया है।