भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल अपना शानदार सफर जारी रखते हुए फ्रेंच ओपन के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई हैं। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में साइना ने महिलाओं की एकल स्पर्धा में डेनमार्क की लाइन होजमार्क कैजर्सफेल्ट को सीधे सेटों में हरा दिया। तीसरे दिन साइना ने प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जबरदस्त खेल दिखाया और डेनमार्क की खिलाड़ी को मात्र 27 मिनट में ही 21-10, 21-11 से हराकर अगले दौर में पहुंच गईं।
दिन के दूसरे मुकाबले में सात्विक साइराज रांकिरेड्डी और चिराग सेठी की जोड़ी भी अपना मुकाबला जीतकर क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई। भारत की जोड़ी ने प्री-क्वार्टरफाइनल में इंडोनेशिया के मोहम्मद अहसान और हेंद्र सेतिअवन को 21-18, 18-21, और 21-13 से शिकस्त दी।
इसके अलावा महिला एकल में विश्व चैंपियंस पीवी सिंधु ने भी अपना मुकाबला जीत लिया। सिंधु ने प्री-क्वार्टरफाइनल में सिंगापुर की खिलाड़ी येओ जिया मिन को सीधे सेटों में आसानी से हरा दिया। सिंधु ने मैच में 21-10 और 21-13 से जीत दर्ज की और अगले दौर में पहुंच गई। वहीं, पुरुष एकल मुकाबले में शुभांकर डे को हार का सामना करना पड़ा। इंडोनेशिया के शेसर हीरेन हुस्तावितो ने शुभांकर को 21-6, 21-13 से हराया।
