प्रो कबड्डी लीग के सातवें सीजन के पहले सेमीफाइनल में दबंग दिल्ली ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में दबंग दिल्ली की टीम ने मौजूद चैंपियन बेंगलुरु बुल्स को 44-38 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दबंग दिल्ली ने नवीन कुमार के जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर प्रो कबड्डी लीग के इतिहास में पहली बार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
वहीं दिन के दूसरे सेमीफाइनल में बंगाल वॉरियर्स ने करीबी मुकाबले में यू मुम्बा को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। बंगाल ने आखिरी वक्त में मुम्बा को 37-35 से हराया। अब अहमदाबाद में ही 19 अक्टूबर (शनिवार) को दबंग दिल्ली और बंगाल वॉरियर्स की टीम खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
