इस्लामाबाद: ईरान युद्ध के चलते महंगाई की मार झेल रही पाकिस्तान की जनता के लिए राहत की खबर है। ईंधन संकट के बीच सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार ने पेट्रोल की कीमतों में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद पेट्रोल अब 378 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। नई दरें शनिवार रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं।
बढ़ती कीमतों से लोग परेशान
शहबाज शरीफ की सरकार ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है जब देशभर में महंगे ईंधन को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गए थे। हाल ही में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (HSD) की कीमतों में क्रमशः 43% और 55% तक की भारी बढ़ोतरी की गई थी, जिससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी।
राष्ट्र के नाम संबोधन में ऐलान
शहबाज शरीफ ने आवाम को राहत देने वाला ये ऐलान टीवी पर प्रसारित राष्ट्र के नाम संबोधन में किया। माना जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार के इस फैसले से आम जनता को कुछ हारत जरूर मिलेगी। ईरान युद्ध के चलते जारी तेल संकट के चलते पाकिस्तान की सरकार ने न सिर्फ पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए बल्कि वर्क फ्रॉम होम और चार दिनों का वर्क वीक भी लागू किया था। इस कदम के पीछे सरकार की मंशा थी कि लोग घरों से वाहन लेकर कम निकलें। इसके बाद भी तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं जिससे लोगों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा था। लेकिन अब सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है।
डीजल की कीमतें अभी भी आसमान पर
हालांकि पेट्रोल सस्ता किया गया है, लेकिन डीजल की कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। वर्तमान में डीजल 520.35 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर है। सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाली लेवी बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी है, जबकि डीजल पर टैक्स को घटाकर शून्य कर दिया गया है। इस फैसले के पीछे सरकार का तर्क है कि डीजल महंगा होने से परिवहन और माल ढुलाई लागत पर असर पड़ता है, जिसे बैलेंस करने के लिए पेट्रोल सस्ता किया गया है।
