वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वन-डे में ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने इतिहास रच दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर केरेबियाई गेंदबाज रोस्टन चेस की जमकर धुनाई की। इस भारतीय जोड़ी ने 20 साल पुराना रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
पंत और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पारी के 47वें ओवर में चेस की जमकर पिटाई करते हुए 31 रन बनाए। पंत के एक रन के अलावा इस ओवर में अय्यर ने ताबड़तोड़ चार छक्के और एक चौके लगाए।
दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर जो यह 31 रन बनाए हैं, वह वन-डे इतिहास में भारत द्वारा एक ओवर में बनाए सबसे ज्यादा रन है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 1999 में सचिन तेंदुलकर और अजय जडेजा के नाम था। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में एक ओवर में 28 रन जड़े थे।
इसके बाद जहीर खान और अजीत अगरकर की जोड़ी ने जिंबाब्वे के खिलाफ जोधपुर वनडे में यह रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की थी लेकिन इस जोड़ी ने एक ओवर में 27 ही रन बना पाए थे।
बता दें कि इस मुकाबले में ऋषभ पंत ने 39 और श्रेयय अय्यर ने 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने चेन्नई में खेले गए पहले वन-डे में भी अच्छी पारी खेली थी। हालांकि, पहले वन-डे में भारत को आठ विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
