(www.arya-tv.com) लिवाना ग्रुप के बाद शहर के अन्य बड़े ग्रुप पर भी जल्द जीएसटी विभाग छापा मार सकता है। जीएसटी सूत्रों का कहना है कि इसकी फाइल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। अगले एक महीने के अंदर सभी बड़े बिल्डरों की जांच शुरू होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि बुकिंग के बाद पैसा जीएसटी में नहीं देने का खेल ज्यादातर बिल्डरों ने किया है। ऐसे में सबके ऊपर जांच शुरू होने वाली है। बताया जा रहा है कि 15 मार्च से यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
फ्लैट बुक कराने के बाद टैक्स के पैसे की चोरी
दरअसल, लिवाना ग्रुप फ्लैट बुक कराने के बाद टैक्स के पैसे की चोरी करते थे। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार करीब 25 लाख रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। अधिकारियों का कहना है कि यह चोरी इससे कई गुना ज्यादा हो सकती है। लखनऊ में इससे बड़े-बड़े बिल्डर और प्रॉपर्टी ग्रुप है। ऐसे में सभी की जांच शुरू होने वाली है। वाणिज्य कर अधिकारी अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में लिवाना ग्रुप पर छापा मारा गया था। अधिकारियों ने बताया कि लिवाना समूह की रियल एस्टेट कंपनी सेलिब्रिटी गार्डन ने फ्लैटों की बुकिंग में टैक्स चोरी कर रही थी।
कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले
जांच के दौरान अधिकारियों ने लिवाना ग्रुप के लोगों से करीब तीन घंटे पूछताछ की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इसमें पेन ड्राइव और संपत्ति के जुड़े कई कागजात हैं। इसके अलावा बुकिंग से जुड़े कई कागजात भी मिले हैं। जिनकी जांच वाणिज्यकर विभाग की टीम कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक पिछले कई महीने से टैक्स चोरी की शिकायत मिल रही थीं। जिसकी आंतरिक जांच वाणिज्यकर विभाग की टीम ने की।
