स्टार प्लस के सीरियल ‘वीरा’ से मशहूर हुईं टीवी अभिनेत्री आरिशफा खान (Arishfa Khan) अस्तपाल में भर्ती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद तस्वीरें पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। हालांकि आरिशफा को क्या हुआ है इसका पता नहीं चल पाया है। आरिशफा ने जो तस्वीर शेयर की है उसमें उनके हाथ में ड्रिप लगी हुई है। उनके हाथ पर लगे टेप पर 28 जनवरी की तारीख लिखी है। इसके साथ ही आरिशफा ने अपनी एक अन्य तस्वीर शेयर की जिसमें वो अस्पताल के बेड पर लेटी नजर आ रही हैं और कंबल से मुंह ढक रखा है।
18 वर्षीय आरिशफा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ये तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा- ‘मेरे लिए दुआ करिए।’ उनके तबीयत खराब होने की खबर जैसे ही उनके फैंस को पता चला फैंस भी परेशान हो गए। आरिशफा के फैंस लगातार उनके लिए ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- ‘हम सबकी दुआ आपके साथ है। आप जल्दी ठीक हो जाएंगे।’
आरिशफा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी। नौ साल की उम्र में उन्होंने सीरियल ‘छल’ से डेब्यू किया। इस सीरियल में आरिशफा ने ‘मुस्कान उप्पल’ का रोल निभाया था। आरिशफा को सीरियल ‘वीर की अरदास वीरा’ से पहचान मिली। इस सीरियल में आरिशफा ने गुंजन का किरदार निभाया था। सीरियल के बाद आरिशफा इसी नाम से पहचानी जाने लगी थीं।
आरिशफा ‘फियर फाइल्स’, ‘उतरन’, ‘ये हैं मोहब्बतें’, ‘गंगा’ और ‘मेरी दुर्गा’ सीरियल में भी कर चुकी हैं। इसके साथ ही ‘पापा बाय चांस’ सीरियल में गुनगुन का भी किरदार निभाया। टीवी सीरियल्स के अलावा आरिशफा कई विज्ञापन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
आरिशफा मूलत: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की रहने वाली हैं। आरिशफा का जन्म साधारण परिवार में हुआ था। आरिशफा को अभिनय के अलावा डांसिंग का भी शौक है। वह अक्सर सोशल मीडिया पर डांसिंग वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। इसके साथ ही फैंस के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करती रहती हैं।
