गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की राम मंदिर मॉडल की झांकी को मिला पहला स्थान

National

(www.arya-tv.com) देश की राजधानी दिल्ली में 72 वें गणतंत्र दिवस की परेड में उत्तर प्रदेश की श्री राम मंदिर मॉडल की झांकी को प्रथम स्थान मिला है। दिल्ली के राजपथ परेड में शामिल हुई सभी झांकियों में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बन रहे श्री राम मंडल मंदिर मॉडल पर निकाली गई झांकी विजेता रही है। उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक शिशिर ने इस संबंध में ट्वीट करते हुए जानकारी दी है। आज दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ने अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल को विजेता पुरस्कार दिया।

झांकी में वाल्मीकि की बड़ी प्रतिमा और मंदिर मॉडल दिखाया गया

राजपथ पर निकाली गई उत्तर प्रदेश की झांकी के पहले हिस्से में महर्षि वाल्मीकि की एक बड़ी प्रतिमा के साथ ग्रंथ रखा गया था। उसके बार मंदिर का मॉडल दिखा, यहीं नहीं झांकी में एक ओर मिट्टी के बने दीये जगमगा रहे थे। जो कि अयोध्या के दीपोत्सव के प्रतीक थे। वहीं, अन्य चित्रों (वॉल पेंटिंग्स) में भगवान राम द्वारा निषादराज को गले लगाते और शबरी के जूठे बेर खाते, अहिल्या का उद्धार, हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाया जाना, जटायु-राम संवाद, लंका नरेश की अशोक वाटिका और अन्य दृश्यों को दिखलाया गया।

केंद्रीय मंत्री ने दिया पुरुस्कार

केंद्रीय मंत्री किरण रिजीजू ने प्रथम स्थान पाने वाली झांकी का पुरस्कार उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल व सूचना निदेशक शिशिर समेत पूरी टीम को दिया गया। दिल्ली में आयोजित इस सम्मान समारोह में सभी ने भाग लिया था।

लाल किले में हुई हिंसा में तोड़ा गया था गुंबद

वहीँ राजपथ परेड के बाद झांकी लालकिले में खड़ी की गयी थी। वहीँ अन्य राज्यों की झांकियां भी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 26 जनवरी को लालकिले में जब किसानों ने चढ़ाई की तो उसी हंगामे में असामाजिक तत्वों ने राममंदिर मॉडल झांकी का गुम्बद भी तोड़ दिया गया था। इसके साथ ही अन्य राज्यों की झांकियों को भी निशाना बनाया गया था।