ईडन गार्डन्स में पिंक गेंद से इतिहास रचने को बेताब हैं विराट कोहली

Game

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली शुक्रवार से बांग्लादेश के खिलाफ शुरू हो रहे ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट में कामयाबी की नई इबारत लिखने से महज कुछ ही कदम दूर हैं। ईडन गार्डन्स के ऐतिहासिक मैदान पर कप्तान कोहली गुलाबी गेंद से इतिहास रचने को बेताब हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में विराट कोहली 32 रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान पांच हजार रन बनाने पहले कप्तान बन जाएंगे। फिलहाल कोहली के नाम बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 4968 रन दर्ज हैं। 32 रन बनाते ही कोहली विश्व टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान यह कमाल करने वाले छठे खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रिका के ग्रीम स्मिथ पहले पायदान पर हैं। स्मिथ ने 109 मैचों के 193 पारियों में 869 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर (93 मैच, 6623 रन), तीसरे स्थान पर रिकी पोंटिंग (77 मैच, 6542 रन), चौथे स्थान पर विंडीज के क्लाइम लॉइड (74 मैच, 5222 रन) और पांचवें पायदान पर स्टीफन फ्लेमिंग ने 80 मैचों में 5156 रन बनाए हैं।
पहले टेस्ट में फ्लॉप रहने वाले कोहली पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में विराट कोहली शून्य पर आउट हो गए थे। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना भी इस ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट की गवाह बनेंगी।