अटल जयंती पर किसान सम्मान:CM योगी ने अटल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया

Lucknow

(www.arya-tv.com)लंबे समय तक संसद में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का आज जन्मदिन है। योगी सरकार इसे सुशासन दिवस के रुप में मना रही है। सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UP के 2 करोड़ 13 लाख से अधिक किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की नई किश्त के तहत 4,260 करोड़ रुपए ट्रांसफर किया। इसके लिए मोहनलालगंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां PM मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुना गया।

सीएम योगी ने अटलजी की योजनाओं का किया बखान

कार्यक्रम में CM योगी ने कहा कि किसान हितों और किसानों को आर्थिक रुप से मजबूत बनाने के लिए पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी ने पहला प्रयास किया था। सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अंत्योदय, अन्नापूर्णा योजना अटलजी की देन है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के सशक्तीकरण के लिए तीन नए कृषि बिल पारित किए हैं। राज्य सरकार भी अन्नदाताओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

पूर्व की कांग्रेस सरकार निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि स्वामीनाथन रिपोर्ट ये लोग दबा के बैठे थे। आज किसान तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन किसानों को गुमराह किया जा रहा है। पिछले चार सालों में कोई चीनी मिल नहीं बेची गई। चौधरी चरण सिंह के क्षेत्र रमाला चीनी मिल आज उत्पादन कर रही है। 1 लाख 62 हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में भेजे गए हैं। इतने कामों के बाद जिन्हें किसानों की खुशहाली, समृद्धि अच्छी नहीं लगती वो षड्यंत्र करके गुमराह कर रहे हैं। किसान विपक्षी दलों के बहकावे में न आएं।

योगी ने कहा कि, पिछली सरकारों में जब नौकरी निकलती थी तो एक परिवार के लोग अलग अलग जगहों पर वसूली के लिए झोला लेकर निकल पड़ते थे। लेकिन पिछले साढ़े 3 सालों में जो भी नौकरी निकली उसमें योग्यता को वरीयता दी गई। जब हमारी सरकार को 4 साल होंगे, तब तक साढ़े 4 लाख लोगों को नौकरी दे देंगे। आज कोई नौकरी के नाम पर वसूली नहीं कर सकता। क्योंकि उसे पता है कि अगर ऐसा किया तो जेल में जाना पड़ेगा। आज माफियाओं की छाती पर बुलडोजर चलाने का काम हम कर रहे हैं। किसानों की जमीन मुक्त करा रहे हैं। लेकिन जिन्होंने जातिगत हिंसा फैलाने का काम किया, जब वो उसमें सफल नहीं हो पाए तो नया षड्यंत्र रच रहे हैं।