भारतीय वास्तु के अनुसार डिजाइन हो राज्य आयुष विश्वविद्यालय : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Education Lucknow UP
  •  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभागीय अधिकारियों के साथ वास्तुविदीय फर्मों द्वारा आयुष विश्वविद्यालय के डिजाइन का प्रस्तुतीकरण देखा
  •  मुख्यमंत्री ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष में विश्वविद्यालय के निर्माण को प्रारंभ करने का प्रयास करें, इसमें भारतीयता की झलक दिखनी चाहिए
  •  आयुर्वेद, योग और नेचुरोपैथी मेडिकल टूरिज्म का सबसे बड़ा आधार है, जो भारत की प्राचीन विरासत है

 लखनऊ।(www.arya-tv.com) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य में बनने वाला आयुष विश्वविद्यालय भारतीय वास्तु के अनुसार डिजाइन किया जाए। जिससे विश्वविद्यालय के भवन में भारतीयता की पूरी झलक दिख सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नए वित्तीय वर्ष में विश्वविद्यालय के निर्माण को प्रारंभ करने का प्रयास होना चाहिए। शुरूआत प्रशासनिक भवन से किया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को ये निर्देश सोमवार को लोकभवन में राज्य आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना के संबंध में बुलाई गई बैठक में दिए। इस दौरान तीन अलग-अलग वास्तुविदीय फर्मों ने अपना प्रस्तुतीकरण भी किया। स्काईल लाइन वास्तुविद, अर्थ टू स्काई और स्पेस डिजाइनर के प्रतिनिधियों ने आयुष विश्वविद्यालय के डिजाइन और नक्शे को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दिखाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आयुर्वेद, योग और नेचुरोपैथी मेडिकल टूरिज्म का सबसे बड़ा आधार है, जो भारत की प्राचीन विरासत है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को पंचकर्म से जोडिए और फिर इसे योग से भी जोड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि विश्वविद्यालय के भवन को वर्टिकल के क्रम में ले जाकर बनाने चाहिए, जिससे जमीन का अधिक से अधिक उपयोग किया जा सके। भवन को कम से कम 10 मंजिला बनाने का आधार रखा जाए, जिससे भविष्य में अन्य गतिविधियां इसमें हो सकें। बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था अलग से होनी चाहिए, जिससे लोगों को सुविधा हो सके।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय को सीधे किसानों से जोड़ना चाहिए। पारंपरिक खेती के जरिए किसान सीमित आय की कमाई करता है, अगर उसे हम जड़ी-बूटियों और हरबल गार्डन की तरफ ले जाने में सफल हुए तो किसानों की आय अधिक होगी। उन्होंने कहा कि कैंपस में ही छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए हर तरह की सुविधाओं का भी ख्याल रखा जाए। इसमें हम वहां मल्टीलेबल पार्किंग के साथ रेस्टोरेंट और शापिंग कांप्लेक्स भी बना सकते हैं।